परेशान भारतीयों की मदद को फिर सऊदी अरब पहुंचे वीके सिंह
वीके सिंह ने एक बार फिर से भारतीयों की मदद के लिए सऊदी अरब पहुंचे हैं। उनका वहां जाने का उद्देश्य भारतीय कामगारों की स्वदेश वापसी या वैकल्पिक रोजगार के मुद्दे को सुलझाना है।
नई दिल्ली (पीटीआई)। सऊदी अरब में नौकरी गंवा चुके भारतीयों की मदद के लिए विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह फिर वहां पहुंचे हैं। गंभीर आर्थिक संकट के कारण वहां की कई कंपनियों ने छंटनी की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने बताया कि सिंह के वहां जाने का उद्देश्य भारतीय कामगारों की स्वदेश वापसी या वैकल्पिक रोजगार के मुद्दे को सुलझाना है। वहां की तीन कंपनियों सऊदी ओगर, सऊदी बिन लादेन और साद ग्रुप के भारतीय कामगारों को मुश्किल हालात का सामना करना पड़ रहा है। उनके पास भारत वापसी के अलावा और कोई विकल्प नहीं है।
प्रवक्ता ने कहा, 'विदेश राज्य मंत्री अभी सऊदी में हैं क्योंकि बाहर किए गए कर्मचारियों के वैकल्पिक रोजगार या भारत वापसी के लिए कुछ मुद्दों को सुलझाना है।' इस महीने की शुरुआत में भारतीय कामगारों ने सऊदी अधिकारियों के साथ आ रही मुश्किल के बाद भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। उसके बाद सिंह ने सऊदी पहुंचकर मुद्दे को सुलझाया। सिंह के पहुंचने के बाद सऊदी सरकार भारतीय कामगारों को स्वदेश वापसी के लिए निशुल्क पास देने और बकाया चुकाने पर राजी हुई।
सऊदी अरब: भारतीय कामगारों से मिले वीके सिंह, सरकार मदद को तैयार