CRPF की कोबरा यूनिट की पहली महिला IG बनीं संजुक्ता परासर, 2006 बैच की हैं आईपीएस अधिकारी
आईपीएस अधिकारी संजुक्ता परासर को सीआरपीएफ की स्पेशल जंगल वारफेयर कमांडो यूनिट, कोबरा का आइजी नियुक्त किया गया है, जो इस पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला हैं।

संजुक्ता परासर कोबरा यूनिट की पहली महिला आइजी बनीं

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएस अधिकारी संजुक्ता परासर को सीआरपीएफ की स्पेशल जंगल वारफेयर कमांडो यूनिट, कोबरा का आइजी नियुक्त किया गया है। वह इस पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला हैं। परासर असम-मेघालय कैडर की 2006 बैच की आइपीएस अधिकारी हैं।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) मुख्यालय ने पिछले हफ्ते इस बारे में आदेश जारी किया। परासर, कमांडो बटालियन फार रिजाल्यूट एक्शन (कोबरा) के आइजी के तौर पर 1996 बैच के आइपीएस अधिकारी दानिश राणा की जगह लेंगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'यह पहली बार है जब सीआरपीएफ की दस-बटालियन वाली मजबूत कोबरा यूनिट की कमान एक महिला अधिकारी संभालेंगी।'
परासर ने अपने कैडर राज्य असम में काम करने के अलावा, नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) में भी काम किया है। सीआरपीएफ ने कई भारतीय राज्यों में माओवादियों और कुछ पूर्वोत्तर राज्यों में विद्रोह से निपटने के लिए 2008-09 में कोबरा का गठन किया था।
हाल ही में सीआरपीएफ ने मणिपुर में सशस्त्र हिंसा को रोकने के लिए कोबरा की दो यूनिट तैनात की थीं। गृह मंत्रालय इस बटालियन के कमांडो को माओवादियों के खिलाफ सफल इंटेलिजेंस-बेस्ड जंगल वारफेयर और गुरिल्ला आपरेशन का श्रेय देता है, जिनकी वजह से इस मार्च में देश में माओवादी हिंसा का अंत हुआ।
आदेश में वी के बिरदी (आइपीएस 2003 बैच) को सीआरपीएफ की वीआइपी सिक्योरिटी विंग का नया आइजी नियुक्त करने की भी जानकारी दी गई है। वह सीआरपीएफ कैडर के अधिकारी सुनील जून की जगह लेंगे, जिन्हें गुरुग्राम में फोर्स की आफिसर्स एकेडमी में तैनात किया गया है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
