प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान में सचिन, अक्षय भी होंगे शामिल
स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी क्षेत्रों के प्रमुख लेागों को पत्र भेजा है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। प्रधानमंत्री के पसंदीदा अभियान 'स्वच्छता ही सेवा' में सचिन तेंदुलकर, अक्षय कुमार और अनुष्का शर्मा भी शामिल होंगी। इनके अलावा और भी कई नामचीन हस्तियां इस अभियान में शामिल होने जा रही हैं। यह जानकारी गुरुवार को एक अधिकारी ने दी। प्रधानमंत्री की स्वच्छ भारत परियोजना के तीन साल पूरे हो चुके हैं। इसमें भाग लेने वाली हस्तियों ने श्रमदान करने और शौचालय का निर्माण कराने की सहमति दी है।
अधिकारियों ने कहा कि तेंदुलकर, अभिनेता अक्षय और अभिनेत्री अनुष्का के अलावा उद्योगपति अनिल अंबानी की पत्नी नीता अंबानी भी मुंबई में स्वच्छता अभियान में शामिल होंगी। इस अभियान के तहत सरकार ने टायलेट : एक प्रेम कथा का दूरदर्शन पर प्रसारण किया है।
असम की दो हस्तियां गायक पापोन और अभिनेत्री मधुरिमा ने भी स्वच्छता ही सेवा अभियान से जुड़ने पर सहमति जताई है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि 25 सितंबर को ऋषिकेश में ग्लोबल इंटर-फेथ वाश अलायंस के संस्थापक स्वामी चिद्दानंद गंगा नदी के तट की सफाई का नेतृत्व करेंगे।
स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी क्षेत्रों के प्रमुख लेागों को पत्र भेजा है। उन्होंने उद्योग, खेल और सिनेमा के लोगों से स्वच्छता ही सेवा आंदोलन को समर्थन देने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री ने इसे आदर्श सेवा कहा है।
बिग बी ने सफाई कर्मियों को स्वच्छ भारत का अंबेसडर कहा
मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने मुंबई के सफाई कर्मियों की सराहना की और उन्हें स्वच्छ भारत अंबेसडर का असली ध्वज वाहक कहा है। अमिताभ स्वच्छ भारत अभियान अंबेसडर हैं। उन्होंने बुधवार रात ट्विटर पर कुछ सफाई कर्मियों की तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने लिखा है, 'ये लोग स्वच्छ भारत के असली अंबेसडर हैं। खराब मौसम में भी ये लोग अनवरत काम करते रहते हैं।'
यह भी पढ़ें: पीएम नरेंद्र मोदी के डर से ठिकाने बदलता रहता है दाऊद