यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
India Russia Relation: रूस ने भारत के हितों के प्रति जताई प्रतिबद्धता, कहा- तय समय पर होगी एस-400 डिफेंस सिस्टम की आपूर्ति
एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम की पहली यूनिट दिसंबर 2021 में भारत को मिल चुकी है और उसकी तैनाती हो चुकी ...और पढ़ें

नई दिल्ली, एजेंसियां: यूक्रेन युद्ध के चलते रूस पर लगे अमेरिका और यूरोपीय देशों के प्रतिबंधों के बावजूद भारत को एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम की आपूर्ति निर्धारित समय पर पूरी होगी। यह बात भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने कही है। रूसी राजदूत का यह बयान समरकंद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात से ठीक पहले आया है।
उन्होंने कहा है कि दोनों देशों के बीच मजबूत सैन्य रिश्ते जारी रहेंगे और रूस इसी तरह से भारत के हितों का हमेशा ध्यान रखेगा। यह सिस्टम आकाश मार्ग से आने वाली दुश्मन की मिसाइल, लड़ाकू विमान और ड्रोन को ट्रैक करके उसे 400 किलोमीटर दूर ही खत्म करने में सक्षम है। अमेरिका के कड़े विरोध के बावजूद भारत और रूस के बीच इस डिफेंस सिस्टम की पांच यूनिटों के लिए 2018 में 5.5 अरब डालर में सौदा हुआ था।
एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम की पहली यूनिट दिसंबर 2021 में भारत को मिल चुकी है और उसकी तैनाती हो चुकी है। इस सिस्टम की सभी पांच यूनिट 2023 के अंत तक मिल जाएंगी। यूक्रेन युद्ध के चलते समय से डिफेंस सिस्टम मिलने को लेकर आशंकाएं जताई जा रही थीं लेकिन रूसी राजदूत ने साफ किया है कि सब कुछ पूर्व निर्धारित समय पर होगा। अलीपोव ने बताया कि रूस और भारत के बीच टी-90 टैंक और एसयू-30 एमकेआइ लड़ाकू विमान की भारत में असेंब¨लग पर सकारात्मक वार्ता चल रही है। दोनों देशों के संयुक्त उपक्रम से भारत में ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल का निर्माण चल रहा है।
