सिंधिया के कार्यक्रम पर बवाल, पवैया के बंगले पर धरना, 87 कांग्रेसी गिरफ्तार
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम को लेकर ग्वालियर में बवाल हो गया है। कांग्रेसियों ने मंत्री जयभान सिंह पवैया के बंगले पर धरना दिया, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
ग्वालियर, नईदुनिया। प्रतिनिधि कॉलेज में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का कार्यक्रम कराने पर प्राचार्य डॉ. बीएल अहिरवार के निलंबन पर गुरुवार को ग्वालियर में बवाल मच गया। सुबह कांग्रेसियों ने उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया के बंगले पर धरना दिया, तो 87 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके विरोध में देर शाम पुतला दहन करने पर कांग्रेसियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम बनोरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता पवैया के बंगले पर सुबह पहुंचे और धरने पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें धरना समाप्त करने को कहा और नहीं माने तो आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दो दर्जन नेता मौके पर पहुंचे और पुलिस से विवाद करने लगे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की तो झूमाझटकी हो गई। फिर उन्हें जबरन गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गए। इसके बाद कांग्रेसी पुलिस लाइन पहुंचे और गिरफ्तारी दी।
यह कार्रवाई शाम 7 बजे हो सकी, इसलिए उन्हें न्यायालय में पेश नहीं किया जा सका। अब उन्हें आज यानि शुक्रवार को पेश किया जाएगा। कुछ कांग्रेसी देर शाम उच्च शिक्षा मंत्री का पुतला जलाने हजीरा चौराहा पहुंचे। वहां पुतला जलाने पर विवाद हुआ तो पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इसमें तीन कांग्रेसियों को चोटें आई।
यह भी पढ़ें: सीसीआइ की बैठक में भिड़ गए राहुल जौहरी और ज्योतिरादित्य सिंधिया