रिटायर होने के बाद विदेशी महिला को लीक कर रहा था सेना की गोपनीय जानकारी, तमिलनाडु से पूर्व सैन्य अधिकारी गिरफ्तार
वेल्लोर में एक सेवानिवृत्त सेना अधिकारी को 'हनी-ट्रैप' में फंसकर विदेशी महिला को गोपनीय सैन्य जानकारी लीक करने के आरोप ...और पढ़ें

तमिलनाडु से पूर्व सैन्य अधिकारी गिरफ्तार (फाइल फोटो)
HighLights
वेल्लोर में सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी हनी-ट्रैप में गिरफ्तार।
विदेशी महिला को सेना की गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप।
पुलिस विदेशी संलिप्तता और महिला की पहचान की जांच कर रही है।
डिजिटल डेस्क, वेल्लोर। तमिलनाडु के वेल्लोर से सेना के एक 52 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया के जरिए 'हनी-ट्रैप' में फंसकर, रक्षा और सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारियां एक विदेशी महिला को लीक की थी।
आरोपी की पहचान बाबू के रूप में हुई है, जो एक साल पहले सेवानिवृत्त होने से पहले 28 वर्षों तक भारतीय सेना में कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, लगभग एक साल पहले एक अज्ञात महिला ने व्हाट्सएप के जरिए बाबू से संपर्क किया था।
सेना की गोपनीय जानकारी कर रहा था लीक
इसके बाद बाबू हनी-ट्रैप में फंसकर संवेदनशील जानकारियां लीक कर रहा था। यहां तक कि जो विवरण उसके पास नहीं होते थे, वह सेना के दफ्तरों में संपर्क कर जुटाता और आगे भेज देता था। आरोपी बाबू (52) वेल्लोर जिले के कनियामबाडी के पास कीझवल्लम गांव का रहने वाला है।
उसने 28 साल तक भारतीय सेना की अलग-अलग डिवीजनों में काम किया और पिछले साल सेना के उपकरण विभाग से कैप्टन के पद से रिटायर हुआ। रिटायरमेंट के बाद, वह अपने पैतृक गांव कीझवल्लम में बस गया।
अनुचित बातचीत के जरिए बढ़ाई पहचान
जानाकारी के अनुसार, विदेशी महिला एजेंट ने पहले अनुचित बातचीत के जरिए बाबू से जान-पहचान बढ़ाई और फिर धीरे-धीरे उससे भारतीय सेना से जुड़ी जानकारी मांगनी शुरू कर दी। बाबू ने महिला द्वारा मांगी गई जानकारी उसे दे दी।
जब उसे किसी बात की जानकारी नहीं होती थी, तो वह फोन पर सेना के दफ्तरों से संपर्क करके वह जानकारी हासिल करता था और फिर उसे उस महिला को भेज देता था। उस पर पिछले एक साल के दौरान सेना की गोपनीय जानकारी और सैन्य उपकरणों से जुड़े विवरण लीक करने का संदेह है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
केंद्रीय खुफिया अधिकारियों ने पूछताछ के लिए बाबू को हिरासत में लिया और वेल्लोर ग्रामीण पुलिस स्टेशन को सौंप दिया। वेल्लोर ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
जांचकर्ता अब उस महिला की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं जिसने बाबू से संपर्क किया और उससे गोपनीय जानकारियां हासिल कीं। वे यह भी पता लगा रहे हैं कि व्हाट्सएप अकाउंट कौन चला रहा था और क्या इस संदिग्ध जानकारी लीक में कोई विदेशी नागरिक या विदेशी संगठन शामिल था। मामले की आगे की जांच जारी है।
