नई दिल्ली। Republic Day 2023: आज पूरा भारत 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर परेड, एयर शो और झांकियों को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी। इस बार की परेड भी बेहद खास अंदाज में हुई। इस साल के गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में कुल 23 झाकियां पेश की गईं। जिसमें 17 झाकियां देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से शामिल हुईं और 6 झांकियां सरकारी मंत्रालयों और विभागों से जुड़ी हुई।
इन सभी झांकियों की थीम भी अलग-अलग रखी गई थी। इन झाकियों में कई राज्यों की झाकियों को शामिल नहीं किया गया जिसमें हिमाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली और अन्य शामिल रहीं।
अलग-अलग थीम पर पेश हुईं झाकियां
1.उत्तर प्रदेश – अयोध्या दीपोत्सव
2.हरियाणा – अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव
3.उत्तराखंड – मानसखंड
4.गुजरात – स्वच्छ-हरित ऊर्जा
5.कर्नाटक – नारी शक्ति उत्सव
6.पश्चिम बंगाल – दुर्गा पूजा
7.महाराष्ट्र – साढ़े तीन शक्ति पीठ
8.झारखंड – बाबा बैद्यनाथ धाम
9.जम्मू कश्मीर – नया जम्मू कश्मीर
10.असम – सेनानियों-अध्यात्म की भूमि
उत्तर प्रदेश की झांकी अयोध्या दीपोत्सव पर आधारित
गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर निकलने वाली झांकियों में देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की खूबसूरत झांकी भी देखने को मिली। इस बार झांकी की थीम अयोध्या का भव्य दीपोत्सव था। पिछले तीन साल में यह दूसरा मौका है जब यूपी की थीम रामनगरी अयोध्या पर आधारित थी।
कुछ ऐसी दिखी जम्मू-कश्मीर की झांकी
इस बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर जम्मू-कश्मीर की झांकी ने सबका दिल जीत लिया। जम्मू कश्मीर की थीम तीर्थयात्रियों और पर्यटन क्षमता की पृष्ठभूमि में ‘’नया जम्मू कश्मीर’’ रहा। झांकी में एक जंगल को दिखाया गया जिसमें तेंदुआ, कश्मीरी बारहसिंघा और तीतर हैं, जबकि बीच के हिस्से में ट्यूलिप गार्डन और लैवेंडर की खेती और उस पर काम कर रही महिलाओं को दिखाया गया। झांकी के बीच के हिस्से में मिट्टी के घरों को दिखाया गया है, जो कि पर्यटकों को मौसम के अनुकूल रहने के लिए प्रचारित किया गया है। नए कश्मीर के नए रंग को देख हर कोई दंग था।
उत्तराखंड की झांकी की थीम मानसखंड
गणतंत्र दिवस की परेड में उत्तराखंड ने भी खूबसूरत झांकी तैयार की थी। उत्तराखंड की झांकी की थीम मानसखंड थी। तीन भागों में बंटी इस झांकी का हर हिस्सा उत्तराखंड की विरासत को दर्शा रहा था। झांकी में दुनियाभर में मशहूर कॉर्बेट नेशनल पार्क में घूमते हुए बारहसिंघा और विभिन्न पक्षियों को दिखाया गया।
गुजरात की झांकी पर रही सबकी नजरें
गणतंत्र दिवस की परेड में हर व्यक्ति की नजर गुजरात की झांकी पर थी। ऐसा इसलिए भी क्योंकि इस झांकी का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी ने किया। इस झांकी की थीम गुजरात के एक छोटे से गांव मोटेरा गांव थी जहां सौर ऊर्जा से 24 घंटे बिजली पैदा होती है। वहीं, पंकज मोदी ने एक न्यूज चैनल के साथ बातचीत में कहा कि गुजरात एक ऐसा राज्य है जो देश और दुनिया को एक नई दिशा देता है। इस बार की झांकी में भी नई दिशा और प्रेरणा देने का प्रयास किया गया।
पश्चिम बंगाल की झांकी में दिखी दुर्गा पूजा
पश्चिम बंगाल की झांकी में देवी दुर्गा की पवित्र छवि झलकती हुई दिखाई गई। पश्चिम बंगाल की झांकी में कोलकाता की दुर्गा पूजा को दर्शाया गया और यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में इसके शामिल होने का जश्न मनाया गया।
खास रही हरियाणा की झांकी
गणतंत्र दिवस परेड में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव की थीम पर आधारित हरियाणा की भगवान कृष्ण के विराट स्वरूप की झांकी दिखाई गई।
असम की झांकी में कामाख्या मंदिर की झलक
गणतंत्र दिवस परेड में असम की झांकी को भी शामिल किया गया। असम की झांकी मेंमां कामाख्या का मंदिर दिखाया दर्शाया गया। झांकी के द्वारा असम को वीरों और अध्यात्मवाद की भूमि के रूप में दिखाया गया।

झारखंड की झांकी में हुए बैद्यनाथ धाम के दर्शन
गणतंत्र दिवस परेड के मौके पर झारखंड की झांकी में देवघर में स्थित प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन हुए। तेज तालियों के साथ लोगों ने इस झांकी का आंनद लिया।
महाराष्ट्र की झांकी में संस्कृति की झलक
गणतंत्र दिवस 2023 की परेड में महाराष्ट्र की झांकी की थीम 'संतों और देवताओं की भूमि महाराष्ट्र' पर आधारित थी। इस झांकी में महाराष्ट्र की संस्कृति की झलक देखने को मिली।
कर्नाटक की झांकी में दिखी नारी शक्ति
गणतंत्र दिवस की परेड में कर्तव्य पथ पर कर्नाटक की झांकी भी शामिल रही। इस दौरान कर्नाटक की झांकी में नारी शक्ति की झलक देखने को मिली। जिसने सभी के दिलों को छू लिया। ये झांकी बेहद खास रही।