प्रियंका की राजनीति में सक्रिय भूमिका की खबर झूठी : कांग्रेस
पार्टी ने इसे फेक न्यूज और अनावश्यक अटकलें बताया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की सक्रिय राजनीति में भूमिका के सोनिया गांधी के संकेत देने की खबर को खारिज किया है। पार्टी ने इसे फेक न्यूज और अनावश्यक अटकलें बताया है।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि यह खबर पूरी तरह झूठी और बेबुनियाद है। पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता आनंद शर्मा ने भी कहा कि हास्यास्पद है कि मीडिया ने गढ़ी गई खबर को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि यह खबर शरारतपूर्ण और मनगढ़ंत है।
शर्मा ने कहा कि यह सरकार द्वारा गढ़ी गई खबर है। कांग्रेस की तरफ से सिवाय इसे खारिज करने के इस पर टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार खबरें प्लांट करने और अपनी कमियों एवं विफलताओं से लोगों का ध्यान बंटाने में व्यस्त है। उन्होंने मीडिया को गढ़ी गई (प्लांटेड) खबरों में न फंसने को लेकर आगाह किया। शर्मा ने कहा कि सरकार विफलताओं, वादे पूरे नहीं करने, बढ़ते आतंकी हमले, जवानों के मारे जाने और गोरखपुर में जो हुआ जैसे मुद्दों पर चर्चा करना नहीं चाहती है।
यह भी पढ़ेंः एक साथ चुनाव कराने की कवायद तेज, जानें-देश को होगा कितना फायदा