'एक काम के मिलेंगे दो लाख रुपये', टाइगर पर गोली चलाने से पहले मां से बोला था रेहान
टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग मामले में गिरफ्तार रेहान की मां ने बताया कि उसे दो लाख रुपये का काम मिला था, जिसकी जानकारी उसे नहीं थी।

टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले आरोपी गिरफ्तार।
HighLights
रेहान की मां ने 2 लाख रुपये के काम का खुलासा किया।
रेहान पहले अवैध हथियार रखने के आरोप में जेल गया था।
लॉरेंस गैंग से रेहान के संपर्क में आने की आशंका है।
टीम जागरण, नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार सोनीपत के 18 वर्षीय रेहान की मां ने बताया कि वह पांच महीने पहले अवैध हथियार रखने के मामले में जेल गया था। कुछ दिन पहले उसने बताया था कि एक काम करने के बदले दो लाख रुपये मिल रहे हैं।
हालांकि, उसने यह नहीं बताया था कि काम क्या करना है। उसे अंदाजा नहीं था कि पैसों के लालच में बेटा किसी ऐसी वारदात से जुड़ सकता है। रेहान के खिलाफ गोहाना में अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में वह जेल गया था। चर्चा है कि जेल में वह लारेंस गैंग के गुर्गों के संपर्क में आया।
एक माह पहले घर से निकला था गोहाना का नाबालिग
इसी मामले में पकड़ा गया गोहाना के एक गांव का नाबालिग एक माह पहले घर से निकला था। वह मुंबई कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। नाबालिग के पिता ने कहा कि उसका इकलौता बेटा टाइल्स और पत्थर लगाने का काम सीखने के लिए गोहाना जाता था।
मां ने आरोपित को पहचानने से किया इन्कार
इसी मामले में बिहार के बेगूसराय जिले निवासी रितिक का नाम सामने आया है। स्वजन का कहना है कि उसकी मां ने मीडिया में सामने आई तस्वीर देखकर युवक को अपना बेटा मानने से इन्कार कर दिया है। करीब तीन महीने पहले उसके दिल्ली से मुंबई जाने की जानकारी मिली थी।
