देह व्यापार में उतरने से इनकार करने पर पत्नी के निजी अंग में डाला तेजाब, पीड़िता की हालत नाजुक
पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले में एक शख्स ने अपनी पत्नी को देह व्यापार में उतारने के लिए प्रताड़ित किया। इनकार करने पर उसने पत्नी के निजी अंग में तेजाब डाल दिया।
वीरभूम, जेएनएन। करवा चौथ के दिन महिलाएं अपने पति की सलामती की दुआ के लिए उपवास रखती हैं लेकिन पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले में एक शख्स ने पति की मर्यादा को तार तार कर दिया। उसने पत्नी को देह व्यापार में उतारने के लिए पहले तो उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इसके बाद इनकार करने पर पत्नी के निजी अंग में तेजाब डाल दिया। गंभीर अवस्था में उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपित पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पत्नी का आरोप है कि लंबे समय से उसका पति उसे देह व्यापार में धकेलना चाह रहा था। इससे मिलने वाली रकम से वह मौज मस्ती करना चाहता था। जब उसने इन्कार कर दिया तो पति उसे अपनी बहन के घर ले गया था, जहां पर दोनों ने मिलकर उसके ऊपर शारीरिक और मानसिक अत्याचार करना शुरू कर दिया।
बार बार प्रताड़ित करने के बाद भी जब पत्नी ने हामी नहीं भरी तो दोनों ने मिलकर बीते दिन उसके निजी अंग (प्राइवेट पार्ट) में तेजाब डाल दिया। गंभीर अवस्था में उसको सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीडि़ता के बयान दर्ज किए। इसके बाद आरोपित पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।