Weather Update: दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, फिर लौटी ठंड, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
उत्तर भारत के पहाड़ों पर शुरू हुई बर्फबारी और बारिश का दौर लगातार जारी है। इसके चलते उत्तराखंड हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में सुबह से ही मौसम के तेवर तल्ख बने हुए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर भारत के पहाड़ों पर शुरू हुई बर्फबारी और बारिश का दौर लगातार जारी है। इसके चलते उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में सुबह से ही मौसम के तेवर तल्ख बने हुए हैं। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी गुरुवार शाम को शुरू हुई बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। ऐसे में दिल्ली में जहां रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। वहीं, ठंड भी बढ़ गई है।
दिल्ली एनसीआर में छह डिग्री गिरा पारा
दिल्ली में इस बार सर्दी तो रिकॉर्ड तोड़ पड़ी ही, अब लौटती ठंड में बारिश ने भी पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 24 घंटे के दौरान पिछले पांच साल में मार्च में हुई यह सर्वाधिक बारिश है। बता दें कि इससे पहले 2015 में दो मार्च को 54 मिमी. बारिश हुई थी। जबकि शुक्रवार को 24 घंटे के दौरान 39.9 मिमी. बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को तेज हवा के साथ हुई इस बारिश ने एक बार फिर दिल्ली वासियों को न केवल ठिठुरन का एहसास हो आया बल्कि लोग गर्म कपड़े पहनने को भी मजबूर हो गए।
इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान गिरकर सामान्य से छह डिग्री नीचे गिरकर 22.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान से एक डिग्री अधिक 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि शनिवार को दोपहर तक मौसम एकदम साफ होने की उम्मीद है, लेकिन मंगलवार यानी होली की शाम से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होगा जो अगले दो दिन तक जारी रहेगा।
उत्तराखंड में गढ़वाल और कुमाऊं की पहाडि़यां बर्फ से लकदक
उत्तराखंड में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं की चोटियां बर्फ से लकदक हैं। नैनीताल और मसूरी के आसपास की पहाडि़यां भी बर्फ से सफेद हो गई। वहीं निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी मौसम के मिजाज में बदलाव के आसार नहीं हैं। रविवार से मौसम कुछ राहत देगा।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद, हजारों गाडि़यां फंसीं
जम्मू-कश्मीर बारिश और बर्फबारी से कांप उठा है। लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है। वहीं, गांदरबल में दोपहर बाद हिमस्खलन की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हो गई। इसके अलावा माता वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत पर भी हल्का हिमपात हुआ है। बारिश के कारण रामबन क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद रहा, जिससे करीब दो हजार गाडि़यां और हजारों लोग फंस कर रह गए हैं।
आज और कल भी ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय हो गया है। ऐसे में अगले 24 घंटों के दौरान भी पूरे पहाड़ी इलाके में मौसम के मिजाज तीखे रहने की संभावना है। सभी पहाड़ी राज्य एक बार फिर शीतलहर की चपेट में आ गए हैं।
पंजाब के कई जिलों में बारिश व ओलावृष्टि
वहीं, पंजाब में भी लगातार दूसरे दिन बरनाला, मुक्तसर, संगरूर व गुरदासपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश हुई बारिश हुई। संगरूर के लहरागागा, गुरदासपुर व तरनतारन के कई क्षेत्रों में हल्की ओलावृष्टि भी हुई।