Move to Jagran APP

एक दिन में रिकॉर्ड 19,235 मरीज स्वस्थ, 28,637 नए केस आए, 62.93 फीसद हुई रिकवरी रेट

मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 62.93 फीसद हो गई है। एक दिन में रिकॉर्ड 19235 मरीज स्वस्थ हुए हैं जबकि 28637 नए केस सामने आए हैं। जानें बाकी राज्‍यों का हाल...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sun, 12 Jul 2020 10:27 PM (IST)Updated: Mon, 13 Jul 2020 04:11 AM (IST)
एक दिन में रिकॉर्ड 19,235 मरीज स्वस्थ, 28,637 नए केस आए, 62.93 फीसद हुई रिकवरी रेट
एक दिन में रिकॉर्ड 19,235 मरीज स्वस्थ, 28,637 नए केस आए, 62.93 फीसद हुई रिकवरी रेट

नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना महामारी की चपेट में आए लोगों के स्वस्थ होने की संख्या लगातार बढ़ रही है। मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 62.93 फीसद हो गई है। अब तक 5.34 लाख से ज्यादा मरीज पूरी तरह से स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। एक दिन में रिकॉर्ड 19,235 मरीज स्वस्थ हुए हैं। हालांकि, 28 हजार से ज्यादा नए मामले भी सामने आए हैं और साढ़े पांच सौ मरीजों की जान भी चली गई है। देश में अब तक सामने आए संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 8,49,553 हो गई है। स्वस्थ हुए लोगों की संख्या भी 5,34,620 पर पहुंच गई है। सक्रिय मामले 2,92,258 हैं। सक्रिय मरीजों से स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 2,42,362 अधिक हो गई है।

loksabha election banner

सामने आए 28,637 नए मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से रविवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे के दौरान 28,637 नए मामले सामने आए हैं तो 19,235 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। रविवार को 377 लोगों की मौत हो गई जिसमें महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 173, तमिलनाडु में 68, दिल्ली में 37, बंगाल में 26, उत्तर प्रदेश में 21, आंध्र प्रदेश में 19, गुजरात में 13, बिहार में सात, हरियाणा व राजस्थान में चार-चार, ओडिशा में तीन और केरल में दो मौतें शामिल हैं।

महाराष्ट्र में कम हुए मामले

महाराष्ट्र में एक दिन पहले के मुकाबले रविवार को कुछ कम 7827 नए मामले सामने आए। शनिवार को 81 सौ से ज्यादा केस मिले थे। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 2,54,427 पर पहुंच गया है। अब तक 10,289 लोगों की जान भी जा चुकी है। नए मामलों में मुंबई में 1,263 केस शामिल हैं। अकेले मुंबई में 92,720 मामले अब तक सामने आ चुके हैं और 5,285 लोगों की मौत हो चुकी है।

महाराष्ट्र-कर्नाटक राजभवनों तक पहुंचा कोरोना

महाराष्ट्र और तेलंगाना राजभवनों तक कोरोना पहुंच गया है। महाराष्ट्र राजभवन के 16 कर्मचारियों को संक्रमित पाया गया है और सभी को घर में क्वारंटाइन किया गया है। हालांकि, राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पूरी तरह से ठीक हैं। उनका भी टेस्ट हुआ था और रिपोर्ट निगेटिव आई है। तेलंगाना राजभवन की सुरक्षा में तैनात 28 पुलिसकर्मियों समेत 48 कर्मचारियों को संक्रमित पाया गया है। इनमें राजभवन के कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य भी शामिल हैं। राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

दक्षिण भारत में प्रचंड होता कोरोना

दक्षिण भारत में कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सबसे बुरा हाल तमिलनाडु का है। राज्य में 4,244 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 1,38,470 पर पहुंच गया है। तमिलनाडु में अब तक 1,966 मरीजों की जान भी जा चुकी है। आंध्र प्रदेश में भी रिकॉर्ड 1,933 नए केस मिले हैं और आंकड़ा 29,168 पर पहुंच गया है। अब तक यहां 328 लोगों की जान भी जा चुकी है। तिरुपति बालाजी मंदिर के 91 कर्मचारी भी संक्रमित मिले हैं। 

केरल में 435 नए केस 

केरल में कोरोना पॉजिटिव के 435 नए केस मिले हैं। राज्य में अब तक 7,873 मामले सामने आ चुके हैं और 31 लोगों की जान जा चुकी है। कर्नाटक में रिकार्ड 2,627 नए केस सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 38,843 पर पहुंच गया है। तेलंगाना में भी 1269 नए केस मिले हैं। राज्य में अब तक 34,671 मामले सामने आए हैं।

गुजरात और दिल्ली में राहत

कोरोना की मार से दिल्ली और गुजरात को थोड़ी राहत मिलती नजर आ रही है। दोनों ही राज्यों में महामारी से मरने वालों की संख्या कम हुई है। दिल्ली में नए मामलों में भी कमी आई है। रविवार को यहां 1,573 नए केस मिले और मरीजों का आंकड़ा 1,12,494 हो गई। यहां अब तक 3,371 लोगों की जान जा चुकी है। लेकिन पिछले दिनों की यह संख्या कम है। गुजरात में 879 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 41,897 पर पहुंच गई है। अब तक यहां 2,047 लोगों की जान जा चुकी है। 81 नए मामलों के साथ पुडुचेरी में 1,418 मरीज हो गए हैं।

यूपी में 1,384 नए केस

उत्तर प्रदेश में लगातार पिछले कई दिनों से हजार से ज्यादा नए मामले मिल रहे हैं। रविवार को भी 1,384 नए केस सामने आए और अब तक मिले मामलों की संख्या 36,476 हो गई है। अब तक 934 लोगों की मौत हुई है। इसी तरह बिहार में 1,266 नए केस मिले हैं और मरीजों की संख्या 16,305 हो गई है। बंगाल में रिकॉर्ड 1,560 नए मामले मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा 30 हजार को पार कर 30,013 पर पहुंच गया है। 153 नए केस के साथ राजस्थान में 23,901 और 595 नए मामलों के साथ ओडिशा में 13,121 मामले हो गए हैं। हरियाणा में भी 658 नए संक्रमित मिले हैं और मरीजों की संख्या 21,240 हो गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.