सुप्रीम कोर्ट का आरसीए के चुनाव पर रोक लगाने से इनकार, नतीजों की घोषणा पर लगाई रोक
सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के चुनाव पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, लेकिन नतीजों की घोषणा पर रोक लगा दी।

सुप्रीम कोर्ट का आरसीए के चुनाव पर रोक लगाने से इनकार।
HighLights
सुप्रीम कोर्ट ने आरसीए चुनाव पर रोक लगाने से इनकार किया।
हालांकि, चुनाव के नतीजों की घोषणा पर रोक लगाई गई।
महिला क्रिकेटर की याचिका पर कोर्ट ने यह आदेश दिया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के चुनाव पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, लेकिन निर्देश दिया कि चुनाव के नतीजे घोषित नहीं किए जाएंगे। चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जायमाल्य बागची और वी. मोहना की बेंच ने एक पूर्व महिला क्रिकेटर की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया।
याचिकाकर्ता ने कहा था कि चुनाव में न तो कोई महिला वोटर है और न ही कोई महिला उम्मीदवार। याचिकाकर्ता ने चुनाव पर रोक लगाने की मांग की थी। बेंच ने कहा कि याचिकाकर्ता द्वारा उठाए गए मुद्दों, खासकर आरसीए में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए हम निर्देश देते हैं कि आज होने वाला चुनाव होगा। हालांकि, नतीजे घोषित नहीं किए जाएंगे।
शीर्ष अदालत ने राजस्थान हाई कोर्ट से कहा कि वह राज्य क्रिकेट एसोसिएशन का चुनाव न होने से जुड़ी लंबित याचिका पर फैसला करे। सुप्रीम कोर्ट की बेंच को बताया गया कि चुनाव मंगलवार सुबह 11.30 बजे शुरू होना था और नतीजे दिन में बाद में घोषित किए जाने थे।
याचिकाकर्ता की ओर से पेश सीनियर वकील मेनका गुरुस्वामी ने तर्क दिया कि किसी भी महिला को आरसीए चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी गई। चुनाव पर रोक की मांग करते हुए याचिकाकर्ता ने कहा कि इस याचिका को बीसीसीआई के शीर्ष अदालत में लंबित मामले के साथ जोड़ा जाए।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
