ये सोचकर कांप रहा है 'गुड़िया' का गुनहगार
पांच वर्षीय बच्ची के साथ रेप का आरोपी मनोज तिहाड़ जेल पहुंच गया है। उसे तिहाड़ के सेंट्रल जेल में रखा गया है। अधिकारियों की माने तो उसके चेहरे की हवाई उड़ गई है।
नई दिल्ली। पांच वर्षीय बच्ची के साथ रेप का आरोपी मनोज तिहाड़ जेल पहुंच गया है। उसे तिहाड़ के सेंट्रल जेल नम्बर-8/9 में कैदियों के साथ रखा गया है। अधिकारियों की मानें तो जेल आने के बाद आरोपी के चेहरे की हवाई उड़ गई है। कैदियों द्वारा पिटने के डर से वह घबराया हुआ है। उसके वार्ड में सुरक्षा चौकस कर दी गई है।
ज्ञात हो कि बंसत विहार सामूहिक रेप की घटना के आरोपियों की भी तिहाड़ में शुरुआत में पिटाई हुई थी। इसके बाद जेल में उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई। एक जेल अधिकारी ने बताया कि रेप की घटना के प्रति लोगों में बढ़ते आक्रोश से जेल में रेप के आरोपी और घबरा गए हैं। इसलिए वे सेल से निकलने में भी डरने लगे हैं।
आपको बता दें कि दिल्ली गैंगरेप के आरोपी राम सिंह की जेल में कई बार पिटाई भी हुई थी। उसे जेल में परेशान भी किया जाता था। राम सिंह के पिता ने आरोप लगया था कि कोर्ट में पेशी के दौरान आने पर राम सिंह ने बताया था कि उस पर ब्लेड से हमला हुआ था। 16 दिसंबर को हुई गैंगरेप की घटना के एक आरोपी विनय शर्मा की तिहाड़ जेल में अन्य कैदियों ने पिटाई कर दी जिससे उसका हाथ टूट गया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर