लंदन स्थित बाबासाहेब अंबेडकर स्मारक का होगा सौन्दर्यीकरण, रामदास आठवले ने देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखने की कही बात
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने लंदन में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर संग्रहालय-स्मारक का दौरा किया और उसके संरक्षण व मरम्मत की ...और पढ़ें

लंदन स्थित बाबासाहेब अंबेडकर स्मारक का होगा सौन्दर्यीकरण
HighLights
लंदन में डॉ. अंबेडकर स्मारक का दौरा कर संरक्षण पर जोर दिया।
महाराष्ट्र सीएम को स्मारक मरम्मत हेतु पत्र लिखने की बात कही।
बाबासाहेब के समानता और न्याय के विचारों को वैश्विक मंच पर रखा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली । रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने अपने यूनाइटेड किंगडम प्रवास के दौरान डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की वैचारिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रेखांकित किया।
रामदास आठवले ने किंग हेनरी रोड स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर संग्रहालय-स्मारक का दौरा कर निरीक्षण किया और बाबासाहेब को श्रद्धापूर्वक नमन किया। आठवले ने कहा कि स्मारक भवन के संरक्षण एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों की आवश्यकता है।
रामदास आठवले ने कहा कि वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर स्मारक के संरक्षण एवं रखरखाव के लिए आवश्यक कार्य कराने का अनुरोध करेंगे।
रामदास आठवले ने कहा कि स्मारक में बाबासाहेब के जीवन, संविधान सभा में उनके योगदान तथा उनके महत्वपूर्ण भाषणों पर आधारित वीडियो दीर्घा स्थापित किए जाने की आवश्यकता भी है ।
लंदन स्थित इंडिया हाउस में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए रामदास आठवले ने कहा कि बाबासाहेब का जीवन समानता, न्याय और मानवीय गरिमा के संघर्ष का प्रतीक है।
रामदास आठवले ने कहा कि विदेश की धरती पर उनकी प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि उनके विचारों की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक है। इस अवसर पर भारत के उच्चायुक्त श्री पेरियासामी कुमारन उपस्थित रहे।
आठवले ने उच्चायुक्त से मुलाकात कर यूके में अध्ययनरत एवं उच्च शिक्षा के लिए आने वाले भारतीय विद्यार्थियों के हितों पर चर्चा की। बैठक में अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय विदेशी छात्रवृत्ति (National Overseas Scholarship) सहित उच्च शिक्षा के अवसरों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
रामदास आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार वंचित एवं आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
यूके प्रवास के दौरान अठावले ने SOAS University of London में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सम्मेलन को भी संबोधित किया। डॉ. आंबेडकर की शिक्षा, संघर्ष और विचारों पर प्रकाश डालते हुए आठवले ने कहा कि बाबासाहेब की विरासत शिक्षा, लोकतंत्र, समानता और सामाजिक न्याय के वैश्विक मूल्यों की प्रेरणा है।
रामदास आठवले ने कहा कि डॉ. आंबेडकर के विचार आज भी विश्वभर में समानता, सामाजिक न्याय और मानव गरिमा के लिए प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं।
