शरद पवार, विनोद तावड़े और रामदास आठवले... राज्यसभा चुनाव से पहले निर्विरोध चुने गए कई नेता
16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले कई प्रमुख नेता निर्विरोध चुन लिए गए। इनमें शरद पवार, रामदास ...और पढ़ें

राज्यसभा चुनाव से पहले निर्विरोध चुने गए कई नेता(एएनआई)
HighLights
शरद पवार, आठवले, तावड़े समेत कई नेता निर्विरोध चुने गए
अभिषेक मनु सिंघवी तेलंगाना से निर्विरोध राज्यसभा पहुंचे
महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु से भी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले सोमवार को कई नेता उच्च सदन के लिए निर्विरोध चुन लिए गए। इन नेताओं में राकापां (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी जैसे दिग्गज शामिल हैं।
आठवले और तावड़े के अलावा भाजपा ने महाराष्ट्र से दो और उम्मीदवारों-रामराव वाडकुटे और माया इवानते को मैदान में उतारा था, जिन्हें निर्विरोध चुन लिया गया है। शिवसेना (एकनाथ शिंदे) की प्रवक्ता ज्योति वाघमारे और भाजपा की सहयोगी राकांपा से पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के बेटे पार्थ भी राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।
सत्तारूढ़ महायुति के छह उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति के छह उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। विपक्षी महा विकास आघाड़ी की ओर से शरद पवार उच्च सदन पहुंचे हैं।
अप्रैल में रिक्त होने वाली महाराष्ट्र की सात सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन गुरुवार तक केवल सात उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। नामांकन वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने के बाद सोमवार को इन नेताओं के निर्वाचन की घोषणा की गई।
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के करीबी सहयोगी वेम नरेंद्र रेड्डी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। रिटर्निंग आफिसर उपेंद्र रेड्डी ने उनके निर्वाचन की घोषणा की। चूंकि दो सीटों के लिए केवल सिंघवी और नरेंद्र रेड्डी ही मैदान में थे, इसलिए दोनों निर्विरोध निर्वाचित हुए।
सिंघवी तेलंगाना से कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित
सिंघवी तेलंगाना से एक और कार्यकाल के लिए कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुए हैं, जबकि नरेंद्र रेड्डी राज्यसभा सदस्य के रूप में अपनी पहली पारी शुरू करेंगे। भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की उम्मीदवार फूलो देवी नेताम छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गईं।
राज्यसभा चुनाव के लिए इन्हीं दोनों ने नामांकन दाखिल किया था। हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा को निर्वाचित घोषित किया गया है।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस ने राज्य मुख्यालय में उनका अभिनंदन किया। तमिलनाडु की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के छह उम्मीदवारों को राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचित उम्मीदवारों में द्रमुक नेता तिरुचि शिवा और जेके रविंद्रन, अन्नाद्रमुक के एम. थंबी दुरई, पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास, कांग्रेस उम्मीदवार क्रिस्टोफर मणिकम और डीएमडीके नेता एलके सुधीश शामिल हैं। रिटर्निंग आफिसर आर. शांति ने औपचारिक रूप से उनके चुनाव की घोषणा की और निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा
