'जब भारत अगुआई करता है, तो दुनिया सुनती है', 18वें ब्रिक्स समिट की सफलता पर बोले राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में भारत की अध्यक्षता में हुए 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि बताया।
-1789404415042_m.webp)
राजनाथ सिंह ने भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की सराहना की

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली में भारत की अध्यक्षता में हुए 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के निष्कर्षों की सराहना की।
उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के लिए एक बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि बताया और कहा कि जब भारत अगुआई करता है, तो दुनिया सुनती है।
राजनाथ सिंह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने ब्रिक्स अध्यक्ष के तौर पर लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और निरंतरता को अपनी मुख्य प्राथमिकताओं के रूप में रेखांकित किया।
इन प्राथमिकताओं से प्रेरित होकर भारत ने ब्रिक्स सहयोग को सीधे आम लोगों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। यह समावेशी और मानव-केंद्रित दृष्टिकोण नई दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन की पहचान बन गया।'
ब्रिक्स-2026 के नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर के बारे में राजनाथ ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा, 'यह सिर्फ एक दस्तावेज नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को बयान करता है।'
उन्होंने कहा, 'भारत ने ग्लोबल साउथ को हाशिये पर नहीं, बल्कि केंद्र में रखा और एक अधिक समावेशी, प्रतिनिधित्व पूर्ण व संतुलित विश्व व्यवस्था की वकालत की।
वसुधैव कुटुंबकम के सभ्यतागत सोच में रचे-बसे भारत ने एक बार फिर दिखाया कि नेतृत्व का मतलब सबसे तेज आवाज होना नहीं, बल्कि सबसे मजबूत आम सहमति बनाना है। जब भारत नेतृत्व करता है, तो दुनिया सुनती है।'
राजनाथ ने कहा, 'मैं ब्रिक्स सम्मेलन की शानदार सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देता हूं। इसकी सफलता ने वास्तव में वैश्विक मंच पर एक अमिट छाप छोड़ी है।'
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
