राजीव महर्षि नए कैग और सुनील अरोड़ा चुनाव आयुक्त बने
शीर्ष नौकरशाही में डेढ दर्जन अफसरों का तबादला, राजीव कुमार वित्तीय सेवाओं मामले के नए सचिव..
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। सरकार ने शीर्ष नौकरशाही में व्यापक फेरबदल करते हुए डेढ़ दर्जन से अधिक अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस अहम बदलाव के क्रम में ही गृह सचिव पद से शुक्रवार को रिटायर हुए राजीव महर्षि को देश का नया नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) नियुक्त कर दिया है। जबकि पूर्व सूचना प्रसारण सचिव सुनील अरोड़ा को चुनाव आयुक्त बनाया गया है। वहीं सीबीएसई के मौजूदा अध्यक्ष राजेश कुमार चतुर्वेदी को हटाकर उनकी जगह गुजरात कैडर की आईएएस अफसर अनीता करवाल को इसकी जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
नौकरशाही में हुए इस अहम बदलाव में जाहिर तौर पर कैग के रुप में राजीव महर्षि और चुनाव आयुक्त के रुप में सुनील अरोड़ा की नियुक्ति सबसे अहम है। सियासी हलकों में पहले महर्षि का नाम चुनाव आयुक्त के पद के लिए लिया जा रहा था। मगर पिछले साल रिटायर हुए राजस्थान कैडर के आईएएस अरोड़ा को चुनाव आयोग में खाली आयुक्त के तीसरे पद के लिए उपयुक्त माना गया। मुख्य चुनाव आयुक्त अचल कुमार ज्योति और चुनाव आयुक्त ओपी रावत इस समय आयोग के दो सदस्य हैं।
राजीव महर्षि को भी कैग जैसे संवैधानिक पद पर नियुक्त कर सरकार ने उनकी क्षमता और काबिलियत का ख्याल रखने का संदेश दिया है। दिलचस्प बात यह है कि महर्षि भी राजस्थान कैडर के आईएएस थे।
सरकार की नौकरशाही में हिमाचल प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी आशाराम सिहाग को भारी उद्योग विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। जबकि झारखंड कैडर के आईएएस राजीव कुमार को वित्त मंत्रालय में वित्तीय सेवा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया है। अंजलि छिब्बर के रिटायर होने के बाद राजीव कुमार को उनकी जगह लाया गया है।
यह भी पढ़ेंः मुंबई में तीन मंजिला इमारत ढहने से 15 की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख