पद्मावत विवाद: राजेंद्र सिंह वाघेला गिरफ्तार, मॉल में की थी तोड़फोड़ व आगजनी
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त जेके भट्ट ने बताया कि अहमदाबाद में कैंडल मार्च के दौरान साणंद के राजेंद्र सिंह वाघेला ने हिंसा भड़काने का षडयंत्र रचा था।
अहमदाबाद, राज्य ब्यूरो। पद्मावत फिल्म के विरोध में हुई हिंसा के मुख्य आरोपी राजेंद्र सिंह वाघेला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उपद्रवियों ने कई मॉल व मल्टीप्लेक्स में गत दिनों तोड़फोड़ व आगजनी की थी। हिंसा और उपद्रव के दौरान कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
पद्मावत के रिलीज होने से पहले फिल्म के विरोध में अहमदाबाद के एसजी हाइवे पर कैंडल मार्च का आयोजन किया गया था। बाद में तोड़फोड़ व आगजनी शुरू हो गई। उपद्रवियों ने मॉल व दुकानों में तोड़फोड़ की। 100 से अधिक वाहनों को आग के हवाले कर दिया था।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त जेके भट्ट ने बताया कि अहमदाबाद में कैंडल मार्च के दौरान साणंद के राजेंद्र सिंह वाघेला ने हिंसा भड़काने का षडयंत्र रचा था। शांति पूर्ण मार्च के दौरान राजेंद्र सिंह के भड़काने पर उपद्रव और तोड़फोड़ शुरू हुई। घटना के बाद वह फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना में अभी तक 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों को अदालत ने जमानत पर छोड़ दिया है। घटना के मुख्य आरोपी राजेंद्र सिंह को गत शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। सेक्टर-1 डीसीपी ने बताया कि सेटेलाइट पुलिस थाना क्षेत्र में हिमालय मॉल, एक्रोपोलिस मॉल तथा अल्फा वन मॉल में तोड़फोड़ व आगजनी हुई। इस दौरान वहां तैनात तीन पुलिसकर्मियों द्वारा लापरवाही बरतने की बात सामने आई है। जांच के बाद तीनों को निलंबित कर दिया गया है।