विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान: जोधपुर एम्स में डॉक्टर की मौत के बाद हड़ताल जारी, ये है वजह

Published: Fri, 25 Sep 2026 07:15 AM (IST)

एम्स जोधपुर में एनेस्थीसिया विभाग के 29 वर्षीय रेजिडेंट डॉक्टर रामनरेश यादव की ड्यूटी के दौरान मौत के बाद विरोध ...और पढ़ें

जोधपुर एम्स में डॉक्टर की मौत के बाद हड़ताल जारी (सांकेतिक तस्वीर)

जोधपुर एम्स में डॉक्टर की मौत के बाद हड़ताल जारी (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. एनेस्थीसिया विभाग के रेजिडेंट डाक्टर रामनरेश यादव की ड्यूटी के दौरान मौत

  2. धटनास्थल से मिला इंजेक्शन- सिरिंज, मौत के वास्तविक कारण की नहीं हुई पुष्टि

जागरण संवाददाता,जयपुर। एम्स जोधपुर में एनेस्थीसिया विभाग के 29 वर्षीय रेजिडेंट डॉक्टर रामनरेश यादव की ड्यूटी के दौरान मौत के बाद विरोध प्रदर्शन जारी है। सहयोगी डॉक्टरों और अन्य चिकित्सा कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के कारण ओपीडी सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

गौरतलब है कि डॉ. यादव मंगलवार को अचानक ऑपरेशन थिएटर से बाहर चले गए थे। दोपहर करीब एक बजे वे एम्स के बाथरूम में बेहोश मिले। सहकर्मियों ने प्राथमिक उपचार का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मौके पर एक इंजेक्शन और सिरिंज मिलने की बात सामने आई है। इससे दवा की अधिक मात्रा लेने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

बासनी पुलिस थाना अधिकारी नितिन दवे ने बताया कि डॉ. यादव ऑपरेशन थियेटर से दोपहर करीब एक बजे रेस्ट रूम में गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं आए तो आपरेशन थियेटर के प्रभारी ने अंदर जाकर देखा तो वे नहीं थे। शौचालय अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बावजूद शौचालय का दरवाजा नहीं खुला तो तोड़ा गया।

दरवाजा तोड़ा तो वे अचेत अवस्था में पड़े थे। बाहर लाकर देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। प्रदर्शनकारी डॉक्टर निष्पक्ष और विस्तृत जांच तथा की मांग कर रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर परिवार को पांच करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी सामने आई है।

मामले की जांच के लिए एम्स प्रशासन ने डीन (एकेडमिक) की अध्यक्षता में आंतरिक जांच समिति गठित की है। पुलिस भी मामले की अलग से जांच कर रही है। रेजिडेंट डॉक्टरों की शिकायतों और मांगों पर विचार के लिए एक अन्य समिति बनाई गई है।