भाजपा प्रत्याशी चयन में वसुंधरा की चली
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने आज अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। 200 में से 176 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई, शेष 24 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा रणनीतिक रूप से रोक ली गई है। भाजपा की पहली सूची में पूरी तरह से मुख्यमंत्री पद
जयपुर [नरेन्द्र शर्मा]। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने आज अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। 200 में से 176 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई, शेष 24 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा रणनीतिक रूप से रोक ली गई है। भाजपा की पहली सूची में पूरी तरह से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार वसुंधरा राजे की चली। सूची में अधिकांश उनकी पसंद के उम्मीदवारों को स्थान मिला। हालांकि लम्बे समय से वसुंधरा राजे का विरोध कर रहे वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी को सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर टिकट दिया गया है। वहीं आलाकमान की मंशा पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी को जयपुर के सिविल लाइंस से उम्मीदवार बनाया गया है। करीब एक साल पूर्व अरुण चतुर्वेदी को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाते समय उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ाने का आश्वासन दिया गया था। चतुर्वेदी की जगह वसुंधरा राजे को अध्यक्ष बनाया गया था। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया को उदयपुर एवं भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव किरण माहेश्वरी को राजसमंद से प्रत्याशी बनाया गया है। पहले वसुंधरा राजे के विरोधी रहे, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके समर्थन में उतरे पूर्व केन्द्रीय मंत्री कैलाश मेघवाल को शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। आरएसएस की सिफारिश पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री सतीश पूनिया को आमेर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा ने पहली सूची में छह वर्तमान विधायकों के टिकट काटे, वहीं एक को सीट बदलने की अनुमति दी है। आज जारी 176 नामों में से 24 एससी, 30 एसटी, 30 महिलाओं को टिकट दिए गए है। गौरतलब है कि उम्मीदवार चयन को लेकर भाजपा में काफी लम्बे समय से कसरत चल रही थी। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की पसंद की दो सर्वे एजेंसियों से सर्वे कराने के साथ ही एक दिल्ली की एक एजेंसी से सर्वे कराया गया। वसुंधरा राजे ने दो से तीन बार जिला एवं विधानसभा क्षेत्रवार लोगों को बुलाकर संभावित प्रत्याशी के नाम मांगे। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सौदान सिंह, वी.सतीश और भूपेन्द्र यादव लम्बे समय से प्रदेश में सक्रिय होकर प्रत्याशी चयन के बारे में फीडबैक ले रहे थे। संघ से भी सभी दो सौ सीटों पर राय मांगी गई। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने तीन दिन पहले ही 68 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की थी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर