राजस्थान सरकार की वेबसाइट हैक करने का दावा: 59 हजार ई-मेल अकाउंट बंद; मचा हड़कंप
हैकर्स के दावों के बीच सर्वर की जांच और मेंटेनेंस कार्य के चलते राजस्थान सरकार की आधिकारिक वेबसाइट तीन दिन ...और पढ़ें

राजस्थान सरकार की वेबसाइट हैक करने का दावा: 59 हजार ई-मेल अकाउंट बंद (फोटो- AI Generated)
HighLights
डार्क वेब पर हैकर्स ग्रुप स्कारलेट ने किया था वेबसाइट हैक करने का दावा
जांच पूरी होने तक सरकारी कामकाज केंद्र सरकार के सर्वर पर स्थानांतरित
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान सरकार की वेबसाइट हैक कर डेटा चुराने के हैकर्स के दावे के बाद तीन दिन से सरकारी ई-मेल अकाउंट बंद है। बता दें कि कुछ दिन पहले डार्क वेब पर हैकर्स ग्रुप स्कारलेट ने 5,926 मेलबॉक्स, 86.3 लाख ई-मेल, 70,301 पहचान रिकॉर्ड और 59,460 मोबाइल नंबर के डेटा में सेंधमारी करने का दावा किया था।
हैकर्स के दावों के बीच सर्वर की जांच और मेंटेनेंस कार्य के चलते राजस्थान सरकार की आधिकारिक वेबसाइट तीन दिन से बंद है। इनमें पुलिस, वित्त, चिकित्सा, शिक्षा, जलदाय जैसे महत्वपूर्ण विभागों की वेबसाइटें शामिल हैं।
ऐसे में सूचनाओं का आदान-प्रदान वाट्सएप व अन्य वैकल्पिक माध्यमों से किया जा रहा है। राज्य सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी व संचार विभाग (डीओआइटी) के अतिरिक्त निदेशक देवेश बाड़मेरा ने कहा कि साइबर अटैक के खतरे से बचाव के लिए सावधानी बरतते हुए ई-मेल बंद किए गए हैं। सरकार का डेटा सुरक्षित है। जल्द ही सब कुछ ठीक हो जाएगा।
इस मामले में पुलिस की साइबर सेल में एफआइआर दर्ज की गई है। साथ ही जांच के लिए दिल्ली से भारत सरकार की राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा नोडल एजेंसी इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (सीईआरटी-आइए) जयपुर पहुंची है। जांच पूरी होने तक सरकारी कामकाज केंद्र सरकार के सर्वर पर स्थानांतरित किया गया है।
कई विभागीय आदेश एवं गोपनीय सूचनाओं का आदान-प्रदान फिलहाल रोका गया है। वहीं साइबर क्राइम के महानिरीक्षक शांतनु कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वेबसाइट हैक होने से साक्ष्य नहीं मिले हैं।
हैकर्स के दावों के आधार पर डीओआईटी के उप निदेशक की ओर से साइबर थाने में आईटी एक्ट की धारा 43, 65 और 66 के तहत एफआइआर दर्ज कराई गई है।
