विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'यह लोकतंत्र की हत्या..', 500 करोड़ के पेमेंट वाले ऑडियो क्लिप पर राज ठाकरे ने BJP को घेरा

Published: Fri, 23 Oct 2026 05:16 PM (IST)

राज ठाकरे ने BJP पर मीडिया को प्रभावित करने और धार्मिक ध्रुवीकरण का आरोप लगाया है, यह एक वायरल ऑडियो क्लिप के संदर्भ में आया है।

राजठाकरे ने बीजेपी पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया। (फोटो-ANI)

राजठाकरे ने बीजेपी पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया। (फोटो-ANI)

HighLights

  1. राज ठाकरे ने BJP पर मीडिया दबाव, धार्मिक ध्रुवीकरण का आरोप लगाया।

  2. वायरल ऑडियो क्लिप में 500 करोड़ के भुगतान का जिक्र है।

  3. ठाकरे ने इसे लोकतंत्र की हत्या और बलात्कार बताया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने शुक्रवार को BJP पर आरोप लगाते हुए कहा कि BJP मीडिया पर दबाव डाल रही है और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक ध्रुवीकरण का इस्तेमाल कर रही है।

राज ठाकरे का यह बयान तब आया है जब एक ऑडियो क्लिप को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, जिसमें मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जारांगे को 500 करोड़ रुपये देने का दावा किया गया है।

29 मिनट की ऑडियों में क्या?

राज ठाकरे ने सोशल साइट X पर एक पोस्ट में कहा कि 29 मिनट की यह रिकॉर्डिंग महाराष्ट्र में वायरल हो गई है। इसमें कथित तौर पर BJP के पदाधिकारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक वरिष्ठ सदस्य और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शामिल हैं।

वे राजनीतिक रणनीतियों, मीडिया पर दबाव डालने और धार्मिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा देकर संवेदनशील मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के तरीकों पर चर्चा कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, 'अगर आप इसमें बातचीत को ध्यान से सुनें, तो आपको समझ आएगा कि यह लोकतंत्र की हत्या और उसके बलात्कार से कम नहीं है।'

ठाकरे ने कहा कि रिकॉर्डिंग में 500 करोड़ रुपये के भुगतान का जो जिक्र है, उस पर स्पष्टीकरण आना चाहिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि मीडिया और जन-विमर्श को प्रभावित करने की कोशिशों के आरोपों की भी गहराई से जांच होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री के जांच के आदेश पर सवाल

ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा ऑडियो क्लिप की फॉरेंसिक जांच कराने की घोषणा पर टिप्पणी करते हुए कहा, 'मुख्यमंत्री ने फॉरेंसिक रिपोर्ट की बात करके केवल समय निकालने की कोशिश की है। यह बस न्याय का दावा है।'

राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे केवल रिकॉर्डिंग की सत्यता की जांच तक सीमित न रहें, बल्कि क्लिप में हुई बातचीत की भी पूरी जांच कराएं।

क्या है विवाद और कब शुरू हुआ?

यह विवाद तब गहराया जब मराठा कार्यकर्ता मनोज जारांगे ने गुरुवार को इस रिकॉर्डिंग का एक हिस्सा सार्वजनिक किया। जरांगे ने आरोप लगाया कि उन्हें चुप कराने और मराठा आरक्षण के उनके आंदोलन को कमजोर करने के लिए यह पूरी साजिश रची जा रही है।

ऑडियो के एक हिस्से में एक महिला यह दावा करती सुनाई देती है कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के जरिए जरांगे को 500 करोड़ रुपये पहुंचाए गए थे। इसके अलावा, मराठवाड़ा क्षेत्र में जरांगे के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को बेअसर करने की रणनीतियों पर भी बात हुई है।

बीजेपी ने क्लिप के AI जेनरेटेड होने की जताई आशंका

ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में खलबली तेज है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया है कि ऑडियो और उसमें हुई बातचीत की निष्पक्ष फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। शिवसेना नेताओं ने भी जांच की मांग की है।

बीजेपी नेताओं ने रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता और इसके जारी होने की टाइमिंग पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के आईटी मंत्री आशीष शेलाप ने जांच की मांग की है कि यह क्लिप जरांगे तक कैसे पहुंची।

वहीं पार्टी प्रवक्ता नवनाथ बन ने अंदेशा जताया है कि यह एआई की मदद से तैयार की गई एक फर्जी रिकॉर्डिंग भी हो सकती है।

यह भी पढ़ें- 'मैं इसे बिल्कुल नहीं मानता', SIR विवाद पर पृथ्वीराज चव्हाण ने खारिज की राज ठाकरे की चुनाव बहिष्कार की अपील