पहाड़ों पर बर्फ, उत्तर भारत में बारिश ने फिर बढ़ाई ठंड; फिर शुरू हो सकता है शीत लहर का प्रकोप
मौसम विभाग की मानें तो 9 जनवरी से उत्तर भारत के सभी राज्यों में शीत लहर का प्रकोप फिर से शुरू हो सकता है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। उत्तर भारत में पहाड़ो पर रविवार से शुरू हुई बर्फबारी सोमवार को भी जारी रही। इसके चलते दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों में सोमवार शाम को बारिश होने से ठंड का असर फिर से बढ़ना शुरू हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली और एनसीआर ही नहीं पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो 9 जनवरी से उत्तर भारत के सभी राज्यों में शीत लहर का प्रकोप फिर से शुरू हो सकता है।
बर्फबारी से शीतलहर की चपेट में उत्तराखंड-हिमाचल
उत्तराखंड में सोमवार को मौसम के तेवर फिर तल्ख हो गए हैं। चार धाम समेत प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है। मौसम में आए बदलाव से प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरूवार तक मौसम के मिजाज में कोई परिवर्तन नहीं होगा। भारी हिमपात के कारण केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य ठप हैं। धाम में करीब एक माह से बिजली की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके अलावा संचार सेवा भी भंग है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी सोमवार को बारिश-बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रदेश में 75 सड़कें बंद हैं। बर्फबारी से प्रदेश में 20 ट्रांसफार्मर बंद हैं।
माता वैष्णो देवी भवन पर भी हिमपात, यात्रा सुचारू
जम्मू में पहाड़ों पर बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश शुरू हो गई। इससे इसके अलावा माता वैष्णो देवी के भवन पर भी ताजा हिमपात हुआ है। इससे पूरा राज्य क़़डाके की ठंड की चपेट में आ गया है। इसके अलावा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन के डिगडोल में भूस्खलन के कारण फिर रास्ता बंद हो गया है।
धनोल्टी में फंसे पर्यटक, गाड़ियों में गुजारी रात
उत्तराखंड में पहाड़ों की रानी मसूरी में सैलानियों का सैलाब उमड़ रहा है। आलम यह रहा कि मसूरी के पास धनोल्टी में बर्फबारी का लुत्फ उठाने गए सैकड़ों पर्यटकों को बीते शनिवार की रात वाहनों में ही गुजारनी पड़ी। ऐसे में पुलिस ने सबक लेते हुए बाकायदा एक टीम मसूरी में तैनात कर दी है। यह टीम पर्यटकों के फंसने पर मदद करेगी।