बारिश और ओलावृष्टि ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत, आज भी जारी रहेगा बारिश का दौर
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में हुई हल्की व मध्यम गति की बारिश ने एक बार फिर मुसीबत बढ़ा दी है। इस दौरान कुछ राज्यों में ओलावृष्टि होने से लोगों की समस्या और बढ़ गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में हुई हल्की व मध्यम गति की बारिश ने एक बार फिर मुसीबत बढ़ा दी है। इस दौरान कुछ राज्यों में ओलावृष्टि होने से लोगों की समस्या और बढ़ गई है। हरियाणा में फसल भी खराब होने की सूचना है। सोमवार को मौसम ने अचानक करवट बदली और दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा व राजस्थान सहित कई राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। दिल्ली-एनसीआर में दोपहर से शुरू होकर रुक-रुककर देर रात तक बारिश होती रही। इससे अधिकतम तापमान छह डिग्री तक गिर गया। बारिश का यह दौर मंगलवार को भी जारी रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण हरियाणा के भी कई जिलों में हल्की व मध्यम गति से बारिश हुई। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में ओलावृष्टि भी हुई। किसानों के मुताबिक ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ के अनुसार इस बार पश्चिमी विक्षोभ के मजबूत होने के कारण अच्छी बारिश की संभावना है।
यहां भारी बारिश होने की संभावना है
पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तर राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कल से ही हालात बिगड़गने लगे थे। आज कुछ राज्यों में हवाएं काफी तेज चलेंगी। इसके अलावा आज पंजाब और हरियाणा के अलावा उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश की आशंका है। माैसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले तीन तक कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना बनी है।
बारिश के साथ ओलावृष्टि
राजस्थान कई जिलों में बारिश हुई है। अलवर शहर में बारिश के साथ चने के आकार के ओले भी गिरे। प्रदेश में शीतलहर लहर की चेतावनी जारी की गई है। उधर, जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश के साथ ही उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ने लगा है।
उत्तराखंड में भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ने लगा है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही हेमकुंड साहिब में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। वहीं निचले स्थानों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। विभाग के अनुसार मंगलवार को मौसम का मिजाज और तल्ख होगा। मौसम की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में भारी बर्फबारी के आसार हैं। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेस) है। यह स्थिति करीब एक सप्ताह तक बनी रह सकती है।
हिमखंड गिरने से रुका चिनाब का बहाव
लाहुल घाटी के धार्मिक पर्यटन स्थल त्रिलोकीनाथ के समीप हिमखंड गिरने से चिनाब नदी (चंद्रभागा) का बहाव रुक गया है। इससे नदी में झील बन गई है। हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है लेकिन नदी किनारे रहने वालों लोगों में दहशत है। आपदा प्रबंधन की टीम ने इसकी सूचना लाहुल स्पीति प्रशासन को दे दी है।