Indian Railways : रेलवे आज से मुंबई में चलाएगा 610 नई लोकल ट्रेनें, रेल मंत्री पीयूष गोयल ने किया एलान
कोरोना संकट के चलते लगाए गए लॉकडाउन के कारण रेलवे की सेवाएं रद हो गई थी। अब अनलॉक की प्रक्रिया के तहत रेलवे धीरे-धीरे अपनी सेवाओं को बहाल कर रहा है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि पहली नवंबर से रेलवे रोजाना 610 और उपनगरीय ट्रेनें चलाएगा
नई दिल्ली, एएनआइ। भारतीय रेलवे धीरे-धीरे अपनी सेवाओं को बहाल कर रही है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को घोषणा की कि रेलवे मुंबई में पहली नवंबर से रोजाना 610 और विशेष उपनगरीय सेवाओं वाली ट्रेनें का संचालन शुरू करेगा। रेलवे अपनी कुल सेवाओं को 2020 तक ले जा रहा है। रेल मंत्री ने बताया कि मुंबई में रेलवे की इस पहल से कोरोना के खतरे के मद्देनजर शारीरिक दूरी को बनाए रखने, भीड़भाड़ से बचने और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
पश्चिम रेलवे द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, 610 विशेष उपनगरीय सेवाओं को जोड़ने के साथ इन सेवाओं की संख्या को बढ़ाकर 2020 तक किया जाएगा। नई चलाई जाने वाली 610 उपनगरीय सेवाओं में से 314 को मध्य रेलवे नेटवर्क पर चलाया जाएगा जबकि बाकी 296 ट्रेनों को पश्चिम रेलवे में रखा जाएगा। बता दें कि रेलवे मुंबई के उपनगरीय नेटवर्क पर 1,410 ट्रेन सेवाओं का संचालन कर रहा है। इनमें से 706 ट्रेनें सेंट्रल लाइन पर जबकि 704 पश्चिम लाइन पर चलती हैं।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र सरकार ने बीते दिनों मध्य एवं पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधकों से मुंबई क्षेत्र में उपनगरीय ट्रेनों में महिलाओं को यात्रा की अनुमति देने की अपील की थी। कोरोना महामारी के चलते केवल कुछ ही श्रेणियों के लोगों को उपनगरीय ट्रेनों में सफर की अनुमति है। इनमें जरूरी सेवाओं से जुड़े लोग आते हैं। रेलवे जोनों को भेजे पत्र में कहा गया था कि ट्रेन सेवाएं महिला यात्रियों को पूर्वाह्न 11 बजे से लेकर तीन बजे तक और सायं सात बजे से लेकर सेवाओं के समापन तक उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
इस बीच कोरोना महामारी को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने भी पूर्वी रेलवे को पत्र लिख कर उपनगरीय ट्रेनों की कुछ जोड़ी रोजाना चलाए जाने पर विचार करने की अपील की है। राज्य सरकार के गृह विभाग ने ट्वीट कर कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने रेल अधिकारियों को कुछ ट्रेनें चलाए जाने पर बातचीत करने के लिए एक पत्र लिखा है। यह पत्र राज्य के गृह सचिव एचके द्विवेदी ने पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को लिखा है।