विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सिखों के जख्म पर नमक छिड़कने के लिए 1 नवंबर को रैली पर अड़े राहुल', भाजपा का INDI गठबंधन पर तीखा हमला

Published: Sat, 24 Oct 2026 09:11 PM (IST)

भाजपा ने दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली INDI गठबंधन की रैली को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला किया है।

राहुल 'बालहठ' के कारण एक नवंबर को रैली करने पर अड़े। (पीटीआई)

राहुल 'बालहठ' के कारण एक नवंबर को रैली करने पर अड़े। (पीटीआई)

HighLights

  1. भाजपा ने 1 नवंबर की INDI गठबंधन रैली पर सवाल उठाए।

  2. राहुल गांधी पर सिख विरोधी दंगों की संवेदनशीलता नजरअंदाज करने का आरोप।

  3. रविशंकर प्रसाद ने राहुल के 'बालहठ' की कड़ी निंदा की।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने शनिवार को दिल्ली में INDI गठबंधन की आगामी रैली को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पार्टी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के जख्म पर नमक छिड़कने के लिए एक नवंबर को रैली करने पर अड़े हुए हैं।

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि विपक्षी गठबंधन के कई घटक दल एक नवंबर को रैली करने की कांग्रेस की योजना से सहमत नहीं हैं और कार्यक्रम की तारीख बदलना चाहते हैं। लेकिन, राहुल गांधी अड़े हुए हैं और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हैं।

राहुल 'बालहठ' के कारण एक नवंबर को रैली करने पर अड़े- रविशंकर प्रसाद

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी बहुत सोची-समझी रणनीति के तहत एक नवंबर को रैली कर सिखों की आहत भावनाओं पर नमक छिड़कने की कोशिश कर रहे हैं। वह सिखों के साथ क्रूर मजाक करने पर उतारू हैं। वह अपने 'अराजकतावादी सोच' और 'बालहठ' के कारण एक नवंबर को रैली करने पर अड़े हैं। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।

उल्लेखनीय है कि 31 अक्टूबर, 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में सिख विरोधी दंगे भड़क उठे थे। विपक्षी गठबंधन की रामलीला मैदान में होने वाली रैली को निर्वाचन आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं के खिलाफ 'दिल्ली चलो' मार्च का समापन बताया जा रहा है।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)