विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'उलझन में क्यों हैं', मार्को रुबियो के भारत दौरे से पहले राहुल ने केंद्र से कहा- अगर आप चाहें तो मैं समझा दूं

Published: Fri, 16 Oct 2026 01:34 PM (IST)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भारत यात्रा और मुंबई में भारतीय अधिकारियों से प्रस्तावित मुलाकात को लेकर सरकार से सवाल किया है।

राहुल गांधी ने केंद्र से किया सवाल। (फोटो- एएनआई।)

राहुल गांधी ने केंद्र से किया सवाल। (फोटो- एएनआई।)

HighLights

  1. राहुल गांधी ने रुबियो की भारत यात्रा पर सरकार को घेरा।

  2. विदेश मंत्रालय की उलझन पर पीएम मोदी से सफाई मांगी।

  3. कांग्रेस ने जयशंकर की मुलाकात पर भी सवाल उठाए।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को सरकार से सवाल किया कि अगले हफ्ते मुंबई में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भारतीय सरकारी अधिकारियों के साथ प्रस्तावित मुलाकात को लेकर विदेश मंत्रालय के अधिकारी उलझन में क्यों हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मामले पर सफाई देनी चाहिए। कांग्रेस नेता का यह बयान अमेरिकी दूत सर्जियो गोर के उस दावे के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि रुबियो मुंबई में भारतीय सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और उम्मीद है कि विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी वहां मौजूद रहेंगे।

राहुल गांधी ने क्या सवाल किया?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता ने पूछा, "मिस्टर रुबियो ने अपने कर्मचारी को मुंबई बुलाया है। मोदी जी विदेश मंत्रालय में आपके अधिकारी उलझन में हैं कि आखिर चल क्या रहा है। शायद आप ही समझा दें। या फिर, अगर आप चाहें तो मैं समझा देता हूं।"

राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर फिलहाल सरकार या बीजेपी की ओर से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। बता दें कि रुबियो अगले हफ्ते भारत आएंगे, जहां वे गुजरात के जामनगर में रिलायंस की यूनिट का दौरा करेंगे और बाद में मुंबई में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

कांग्रेस ने भी साधा निशाना

गुरुवार को कांग्रेस ने रुबियो की भारत यात्रा को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा और पूछा कि मुंबई में अमेरिकी नेता के साथ विदेश मंत्री एस. जयशंकर की मुलाकात पर विदेश मंत्रालय चुप क्यों है। कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा कि इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है कि गोर ने रुबियो की मुंबई आने वाली यात्रा के बारे में और जानकारी दी है।

जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, "यह सुनकर कोई खास हैरानी नहीं होती कि मिस्टर रुबियो मुंबई में भारत सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे लेकिन जो बात काफी हैरान करने वाली है, वह उनका यह बयान है कि हमें उम्मीद है कि मंत्री डॉ. जयशंकर और कुछ अन्य लोग भी वहां हमारे साथ शामिल होंगे।"

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सवाल किया कि भारत के विदेश मंत्री की देश के भीतर होने वाली मुलाकातों की घोषणा करने का काम विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता के अलावा किसी और को कब से सौंप दिया गया है?

क्या है मामला?

ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में एक इंटरैक्टिव सत्र के दौरान गोर ने कहा था कि रुबियो मुंबई में भारत सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और दिल्ली से कुछ अन्य लोग भी वहां मौजूद होंगे, जो रुबियो से मिलने के लिए मुंबई आएंगे।"

बताया गया है कि रुबियो पहले उज्बेकिस्तान के समरकंद जाएंगे और उसके बाद 17 से 22 अक्टूबर के बीच मुंबई और गुजरात के जामनगर का दौरा करेंगे।

यह भी पढ़ें: 'कायरों के जाने के बाद कांग्रेस में सिर्फ शेर बचे', राहुल के बयान पर खरगे की चुटकी; कहा- वे सब आपके ही दोस्त थे