'मोदी कहते हैं हम जाएंगे आप आएंगे, आप भी करिए मुझ पर भरोसा', कांग्रेसी नेताओं से बोले राहुल
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी मानते हैं कि उनके ...और पढ़ें

राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं से पीएम मोदी के भरोसे का जिक्र किया।
HighLights
राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं से पीएम मोदी के भरोसे का जिक्र किया।
ज्ञानेश कुमार के खुलासे से चुनावी धांधली के राहुल के दावे सही साबित।
कार्यसमिति में 2024 चुनाव को 'पूरी तरह से फिक्स्ड और धांधली वाला' बताया।
जागरण, नई दिल्ली। चुनाव आयोग के अंदरूनी विवाद के खुलासे के बाद चुनावी प्रक्रिया मे गड़बड़ियों के अपनी बातों के सही साबित का दावा करते हुए लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक टिप्पणी का हवाला देते हुए कांग्रेस के उन नेताओं को आइना दिखाने की कोशिश की जो उन पर भरोसा करने से गुरेज करते हैं।
कांग्रेस कार्यसमिति की मंगलवार को हुई बैठक में राहुल गांधी ने पीएम मोदी संग हुई एक बैठक में उनकी टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा 'आप मुझ पर भरोसा नहीं करते, लेकिन पीएम और गृहमंत्री ने एक मीटिंग में मुझसे कहा हमें पता है कि हम जाएंगे तो आप ही आएंगे । इसलिए आप भी मुझ पर ऐसा ही भरोसा करिए।'
पार्टी सूत्रों के अनुसार एसआइआर प्रक्रिया की गड़बड़ियों के मामले पर कार्यसमिति में अपी बात रखते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पिछले करीब दो साल से वह वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे थे जिसे ज्ञानेश कुमार से जुड़े खुलासे ने सही साबित किया है। जब प्रारंभ में उन्होंने इस मुद्दे को उठाया था तो कुछ लोग इसका समर्थन नहीं कर रहे थे और आज देश में करीब 80 प्रतिशत लोग मान रहे कि चुनाव आयोग के जरिए चुनावों में धांधली की जा रही है।
कार्यसमिति की बैठक में मौजूद पार्टी के वरिष्ठ सूत्रों ने बताया कि इस संदर्भ में राहुल गांधी ने पीएम मोदी की टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि नेता के तौर पर एक नियुक्ति बैठक में पीएम मोदी और अमित शाह से कहा कि इस नियुक्ति का मैं विरोध कर रहा हूं फिर भी आप इसे नियुक्त कर रहे ऐसा क्यों?
बकौल राहुल गांधी इस पर पीएम मोदी ने कहा कि इंदिरा गांधी भी ऐसा करती थीं तब मैंने कहा कि इसके बाद वे सत्ता से बाहर हो गईं। इस पर पीएम ने कहा कि हमें पता है, हम जाएंगे तो आप ही आएंगे। इस वाकये का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी को भी यह भरोसा है कि वे जाएंगे तो हम (कांग्रेस) सत्ता में आएंगे, इसलिए आप भी मुझ पर भरोसा कीजिए।
राहुल गांधी ने हरियाणा और महाराष्ट्र चुनाव के बाद वोट चोरी का मुद्दा करीब दो साल पहले उनके द्वारा उठाए जाने के बाद पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं द्वारा समर्थन नहीं किए जाने के परिप्रेक्ष्य में कही। वहीं कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कार्यसमिति में राहुल गांधी के 20 मिनट से अधिक के संबोधन का हवाला देते हुए कहा कि कि उनका साफ कहना था कि इसमें संदेह नहीं कि 2024 का चुनाव "पूरी तरह से फिक्स्ड और धांधली वाला" था।
वहीं जयराम रमेश ने कहा कि नेता विपक्ष ने 'विरोध' और 'प्रतिरोध' के रास्ते से पीछे नहीं हटने की प्रतिबद्धता जताते हुए 1930 के लाहौर कांग्रेस अधिवेशन की भी याद दिलाई जिसमें कांग्रेस को प्रांतीय स्वायत्तता देने से भी इनकार के बाद 'पूर्ण स्वराज' का रास्ता अपनाने का फैसला किया गया था।
सूत्रों के अनुसार बैठक में वरिष्ठ नेता अभिषेक सिंघवी ने एसआइआर मसले पर विरोध आंदोलन में काकरोच जनता पार्टी का सहयोग लेने का सुझाव दिया तो कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इससे पंक्चर करते हुए कहा कि चुनावी धांधली पर हम शुरू से लड़ाई लड़ रहे और कांग्रेस अपने दम पर इस लड़ाई को निर्णायक रूप से लड़ने में सक्षम है।
चर्चा के दौरान वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने गांधी जयंती के मौके पर इसको लेकर कोई विरोध प्रदर्शन किए जाने का सुझाव दिया जो मल्लिकार्जुन खरगे ने सकारात्मक सुझाव तो बताया मगर थरूर की चुटकी लेते हुए कहा कि इस धरने में आप भी शामिल होंगे या केवल अंग्रेजी अखबारों के लेख में आपको देखा जाएगा।
