'सत्य का दमन रोकेंगे', राहुल गांधी ने लॉन्च किया डिजिटल सत्याग्रह प्लेटफॉर्म; लोगों से की एकजुट होने की अपील
राहुल गांधी ने 'सत्याग्रह' नामक एक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जिसका उद्देश्य देशभर में विभिन्न मुद्दों पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों को एकजुट करना है।

राहुल गांधी ने लॉन्च किया डिजिटल सत्याग्रह प्लेटफॉर्म (फाइल फोटो- PTI)
HighLights
राहुल गांधी ने 'सत्याग्रह' डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया, सत्य के दमन के खिलाफ।
यह मंच देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को एकजुट करने का है लक्ष्य।
लोगों से अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज उठाने की अपील की।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि सत्य का दमन किया जा रहा है और यह सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है कि ऐसा न हो। उन्होंने देशभर में अलग-अलग मुद्दों पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों को एकीकृत करने के लिए 'सत्याग्रह' डिजिटल प्लेटफार्म लॉन्च किया।
उन्होंने लोगों से 'सत्याग्रह' प्लेटफार्म पर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने यह प्लेटफार्म महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के एक दिन बाद लांच किया, ताकि जहां भी सत्य को दबाया जा रहा है, वहां लोगों की मदद की जा सके।
कांग्रेस सांसद ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि देशभर में लोग अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर अकेले ही लड़ रहे हैं। जेन-जी, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं...हर संघर्ष की अपनी कहानी है।
लेकिन, एक अकेली आवाज को अक्सर आसानी से दबा दिया जाता है। 'सत्याग्रह' इन आवाजों को एक मंच पर लाने की पहल है। महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा-बापू ने हमें सिखाया था कि सत्य हमारा सबसे बड़ा हथियार है।
लेकिन सत्य के साथ एकजुट होकर खड़े होना उससे भी बड़ा हथियार है। अगर आप भी किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं, तो अपनी कहानी साझा करें। इसमें बस दो मिनट लगेंगे। आपके विरोध प्रदर्शन को सत्याग्रह प्लेटफार्म पर जगह मिलेगी। आप देखेंगे कि आपकी तरह और कौन-कौन अपनी लड़ाई लड़ रहा है। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
