केरल में मछुआरों संग मछली पकड़ने समुद्र में उतरे राहुल गांधी, देखें ये तस्वीरें
कांग्रेस नेता बुधवार को केरल के कोल्लम जिले में मछुआरों के साथ समुद्र में मछली पकड़ते हुए नजर आ। समुद्र में छलांग लगाने के बाद वह नाव पर फिर से सवार हो गए। इस दौरान राहुल ने मछुआरों से बातचीत भी की। देखें फोटो।
तिरुवनंतपुरम, एएनआइ। कांग्रेस नेता बुधवार को केरल के कोल्लम जिले में मछुआरों के साथ समुद्र में मछली पकड़ते हुए नजर आए। समुद्र में छलांग लगाने के बाद वह नाव पर फिर से सवार हो गए। इस दौरान राहुल ने मछुआरों से बातचीत भी की। दरअसल, राहुल गांधी इन दिनों केरल के दौरे पर हैं। केरल में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में उन्होंने अलग-अलग इलाकों का दौरा किया।
राहुल ने की मछुआरों की प्रशंसा
राहुल गांधी ने मछुआरों से बात करते हुए कहा कि किसान जैसे जमीन पर खेती करते हैं, मछुआरे वही काम समुद्र में करते हैं। साथ ही उन्होंने मछुआरों से कहा, "मैं आपके काम को समझता हूं और उसका आदर करता हूं। मैं आपके काम की प्रशंसा करता हूं'।
मछुआरों के लिए अलग से एक मंत्रालय बनवाने के राहुल ने किया वादा
इतना ही नहीं कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने मछुआरों से वादा किया कि वह सरकार में आने पर मछुआरों के लिए अलग से एक मंत्रालय बनाएंगे। राहुल गांधी कोल्लम के थांगस्सेरी समुद्र तट पर मछुआरों के साथ बातचीत करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, रमेश चेन्निथला और मुल्लापल्ली रामचंद्रन भी उनके साथ मौजूद थे।
दिल्ली में मछुआरों के लिए कोई नहीं बोलता- राहुल
राहुल ने कहा कि दिल्ली में किसानों के पास मंत्रालय है, लेकिन आपके पास नहीं है। दिल्ली में आपके लिए कोई नहीं बोलता। इस दौरान राहुल ने कहा कि पहली चीज जो मैं करूंगा वो है भारत के मछुआरों को समर्पित एक मंत्रालय बनाना ताकि आपके मुद्दों का बचाव और संरक्षण हो सके।
बता दें कि राहुल गांधी ने मछुआरों को आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी उनकी जरूरतों को चुनावी घोषणापत्र में शामिल करेगी। गौरतलब है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव का घोषणा पत्र तैयार करने के लिए समाज के विभिन्न तबकों से संपर्क कर रही है।