HAL के अध्यक्ष ने राफेल सौदे का किया बचाव, कहा- भारत को इसकी जरूरत है
राफेल पर मचे सियासी घमासान के बीच हिंदुस्तान एयरोनोटिक्स लिमिडेट (HAL) के अध्यक्ष ने विमान सौदे का बचाव किया है। कहा- भारत को राफेल की जरूरत।
नई दिल्ली, एएनआइ। राफेल पर मचे सियासी घमासान के बीच हिंदुस्तान एयरोनोटिक्स लिमिडेट (HAL) के अध्यक्ष ने विमान सौदे का बचाव किया है। HAL के अध्यक्ष आर.माधवन ने कहा है कि 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने का सौदा जरूरत के कारण किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि इतनी संख्या में विमान भारत में बनाने का सवाल ही नहीं उठता है।
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए माधवन ने कहा कि जब शुरुआत में राफेल खरीदने की बात चल रही थी, तो एचएएल समक्ष था। हालांकि सरकार ने जरूरत के कारण जल्द से जल्द उसे हासिल करने की आवश्यकता को देखते हुए 36 विमान खरीदने का सौदा किया।
राफेल सौदे का बचाव करते हुए उन्होंने आगे कहा कि 36 विमानों को यहां पर बनाने का सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने कहा कि अगर पहले के हिसाब से होता (126 विमान खरीदने होते) तो हम कुछ विमान खरीदने और कुछ यहां पर बनाते। उन्होंने कहा कि चूंकि मौजूदा सौदे से HAL का कोई लेना-देना नहीं है, इसलिए इस बारे में और कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं।