मप्र में गीता के साथ अब कुरान व बाइबिल स्कूली पाठयक्रम में होगी शामिल
मध्य प्रदेश के स्कूलों में भगवत गीता पढ़ाए जाने को लेकर मचे बवाल के बाद सरकार गीता के साथ ही अब कुरान, बाइबिल और गुरुग्रंथ साहिब जैसे धार्मिक ग्रंथों को भी स्कूलों में पढ़ाने की तैयारी में है।
नई दुनिया ब्यूरो, जबलपुर। मध्य प्रदेश के स्कूलों में भगवत गीता पढ़ाए जाने को लेकर मचे बवाल के बाद सरकार गीता के साथ ही अब कुरान, बाइबिल और गुरुग्रंथ साहिब जैसे धार्मिक ग्रंथों को भी स्कूलों में पढ़ाने की तैयारी में है। प्राइमरी और अपर प्राइमरी पाठयक्रम में इन ग्रंथों के धार्मिक सार को शामिल करने का एक प्रस्ताव भी पाठयक्रम स्थायी समिति को भेज दिया गया है। यदि समिति की मुहर लग गई तो नए सत्र (2016-17) में बच्चे गीता, कुरान, बाइबिल और गुरुग्रंथ साहिब के सार पढ़ते नजर आएंगे।
पाठयक्रम में प्रमुख धार्मिक ग्रंथों का सार शामिल करने के पीछे जो मंशा बताई गई है वो ये है कि बच्चे कम उम्र में नैतिक शिक्षा के अलावा अपने धर्म के साथ अन्य सभी धर्मो की जानकारी और उनके महत्व को समझ सकेंगे। अपने धर्म के साथ ही दूसरे धर्म के प्रति सम्मान व आदर की भावना पैदा होगी। बच्चे सुयोग्य नागरिक बनेंगे और उनके भीतर सर्वधर्म समभाव का महौल पैदा होगा। स्कूलों में धर्मो की शिक्षा दी जाए या नहीं, फिलहाल इस पर निर्णय 16 सदस्यीय पाठयक्रम समिति लेगी। कहा जा रहा है कि 30 नवम्बर को समिति की बैठक होने वाली है। जिसमें पाठयक्रम में धर्मो का सार श्लोक व आयतों के रू प में शामिल किया जाए या नहीं, इस पर चर्चा हो सकती है।
कविताओं के अलावा किसानी भी जानेंगे
प्रारंभिक शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए पाठयक्र म में काफी बदलाव किए जा सकते हैं। बच्चों को नैतिक शिक्षा का ज्ञान देने के लिए पाठयक्रम में नई कविताएं, खेती-किसानी व बागवानी भी शामिल की जाएगी।
क्या कहा मंत्री ने
'शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। प्रारंभिक शिक्षा के पाठयक्रम में प्रमुख धार्मिक ग्रंथों का सार शामिल किया जाए या नहीं यह निर्णय पाठयक्रम समिति करेगी'
- दीपक जोशी, स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री मप्र