विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डेंगू के खिलाफ बड़ी कामयाबी: भारत में 'Qdenga' वैक्सीन को मिली हरी झंडी

Published: Tue, 21 Jul 2026 07:05 PM (IST)

भारत सरकार ने देश के पहले डेंगू टीके 'क्यूडेंगा' की बिक्री को मंजूरी दे दी है, जिसे टाकेडा बायोफॉर्मास्युटिकल्स इंडिया ने आयात किया है।

देश के पहले डेंगू टीके 'क्यूडेंगा' की बिक्री को मंजूरी।

देश के पहले डेंगू टीके 'क्यूडेंगा' की बिक्री को मंजूरी।

HighLights

  1. भारत सरकार ने पहले डेंगू टीके क्यूडेंगा की बिक्री को मंजूरी दी।

  2. टाकेडा बायोफॉर्मास्युटिकल्स इंडिया द्वारा आयातित, व्यापक परीक्षणों के बाद अनुमोदित।

  3. यह लाइव एटेन्यूएटेड टेट्रावेलेंट वैक्सीन है, 42 देशों में स्वीकृत।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत सरकार ने देश में डेंगू से बचाव के लिए उपलब्ध होने वाले पहले टीके क्यूडेंगा की बिक्री को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि टाकेडा बायोफॉर्मास्युटिकल्स इंडिया के इस टीके को गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावशीलता के व्यापक वैज्ञानिक परीक्षणों के बाद आम लोगों के उपयोग के लिए अनुमति दी गई है।

मंत्रालय के अनुसार, यह भारत का पहला डेंगू टीका है जिसे इस बीमारी से बचाव के लिए बाजार में उतारने की मंजूरी मिली है। इससे पहले सोमवार को टाकेडा बायोफॉर्मास्युटिकल्स इंडिया ने भी जानकारी दी थी कि देश के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने टीके के विपणन को स्वीकृति दे दी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने जर्मनी की टाकेडा जीएमबीएच द्वारा विकसित और टाकेडा बायोफॉर्मास्युटिकल्स इंडिया द्वारा आयातित इस टेट्रावेलेंट डेंगू वैक्सीन को ड्रग्स एंड कास्मेटिक्स एक्ट, 1940 और ड्रग्स रूल्स, 1945 के तहत निर्धारित सभी विज्ञानी मानकों पर खरा पाए जाने के बाद मंजूरी दी है।

क्यूडेंगा एक लाइव एटेन्यूएटेड टेट्रावेलेंट डेंगू वैक्सीन है, जिसे रिकांबिनेंट डीएनए तकनीक से विकसित किया गया है। इसे उपयोग से पहले घोलने के लिए फ्रीज-ड्राइड पाउडर के रूप में उपलब्ध कराया जाता है और त्वचा के नीचे (सबक्यूटेनियस) इंजेक्शन के जरिए लगाया जाता है।

कंपनी के मुताबिक, इस टीके को यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड सहित 42 देशों में पहले ही नियामक मंजूरी मिल चुकी है। अब तक इसकी 2.4 करोड़ से अधिक डोज वितरित की जा चुकी हैं।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)