'पेट्रोल में 20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल मिलाने की कोई योजना नहीं', E-20 को लेकर फैलाई जा रही अफवाह पर बोले हरदीप पुरी
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि फिलहाल पेट्रोल में एथनाल मिश्रण 20% से अधिक बढ़ाने की कोई योजना ...और पढ़ें

E-20 पर भ्रम फैलाया जा रहा- हरदीप पुरी (फाइल फोटो)
HighLights
पेट्रोल में एथनाल मिश्रण 20% से अधिक नहीं बढ़ेगा।
E20 ईंधन पर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाएं गलत हैं।
भारत ने LPG उत्पादन बढ़ाकर ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित की।
डिजिटल डेस्क, पणजी। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को कहा कि केंद्र की पेट्रोल में एथनाल का मिश्रण मौजूदा 20 प्रतिशत से अधिक बढ़ाने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। दक्षिण गोवा में 29वें ऊर्जा प्रौद्योगिकी एवं नवाचार सम्मेलन के उद्घाटन के मौके पर पुरी ने यह भी दावा किया कि जैव ईंधन को लेकर भ्रामक सूचनाएं फैलाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि ई20 (20 प्रतिशत एथनाल मिश्रित पेट्रोल) को लेकर भ्रामक सूचना एक गढ़ा हुआ नैरेटिव है।
कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने की रणनीति के तहत सरकार एथनाल मिश्रित पेट्रोल को बढ़ावा दे रही है। कच्चे तेल का आयात चालू खाते के घाटे के सबसे बड़े कारणों में से एक है। देश में ई20 ईंधन पहले ही शुरू किया जा चुका है, जिसमें 20 प्रतिशत एथनाल और 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है।
पुरी ने कहा कि उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट देखा था, जिसमें दावा किया गया था कि वाहन बंद हो गए हैं और उनमें खराबी आ रही है। पोस्ट से यह संकेत मिलता था कि सरकार ने मिश्रित ईंधन की बिक्री रोक दी है।
उन्होंने कहा कि ई20 मिश्रित ईंधन के लिए नियमों के अनुरूप वाहन बनाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि 2003 से पहले बने पुराने वाहनों में कुछ समस्या जरूर थी। उन्होंने कहा कि हर दिन छह करोड़ वाहन ईंधन भराने वाले केंद्रों पर आते हैं। अगर इंजन को नुकसान पहुंच रहा होता तो आपको हर जगह वाहन दिखाई देते।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ई20 पेट्रोल शुरू करने से केंद्र सरकार को 1,60,000 करोड़ रुपये की बचत हुई, जिसमें से 1,40,000 करोड़ रुपये किसानों को वापस दिए गए। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता से ऊर्जादाता बन गए हैं।
उल्लेखनीय है कि सड़क परिवहन मंत्रालय ने सोमवार को केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में बदलाव की अधिसूचना जारी की। इससे ई100 तक (लगभग शुद्ध एथेनाल) पर चल सकने वाले फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को अनुमति मिल गई है। ई100 ईंधन से वाहन लगभग शुद्ध एथनाल पर चल सकते हैं।
होर्मुज संकट से निपटने के लिए भारत ने एलपीजी उत्पादन बढ़ाया
पुरी ने मंगलवार को कहा कि होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से ऊर्जा आपूर्ति में आई बाधाओं के बीच भारत ने एलपीजी आयात के स्रोतों को बढ़ाकर 41 देशों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पूरे संकट के दौरान घरेलू रसोई गैस की उपलब्धता निर्बाध बनी रही। पुरी ने कहा कि घरेलू उत्पादन में बढ़ोतरी की गई। इसे 34,000 से 55,000 मीट्रिक टन प्रतिदिन तक पहुंचाया गया।
अमेरिका तथा अल्जीरिया से आयात ने खाड़ी क्षेत्र से आपूर्ति में आई बाधाओं की भरपाई करने में मदद की। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
