यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 18, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lockdown: रेड जोन बेंगलुरु में 19 मई तक बढ़ा प्रतिबंधों का सिलसिला
बेंगलुरु में महामारी के हालात को सुधरता न देख यहां अभी रोकों को 19 मई तक जारी रखा जाएगा।

बेंगलुरु, एएनआइ। COVID-19 के संक्रमण को फैलने से रोकने के क्रम में बेंगलुरु में प्रतिबंध जारी रहेंगे। पुलिस कमिश्नर भास्कर राव ने सोमवार को धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा के आदेशों को बढ़ाने की घोषणा की है। शहर में यह प्रतिबंध अब 19 मई तक लागू रहेंगे। बता दें कि बेंगलुरु शहर को रेड जोन में रखा गया है। जारी दिशानिर्देशों के अनुसार, यात्रियों की सभी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय हवाई यात्रा, चिकित्सा सेवाओं, एयर एम्बुलेंस और सुरक्षा उद्देश्यों के साथ गृह मंत्रालय की अनुमति वाली सेवाओं को छोड़ सभी पर रोक जारी रहेगी।
जारी गाइडलाइन के अनुसार, अभी ट्रेनों का संचालन भी नहीं किया जाएगा हां अगर गृह मंत्रालय की ओर से अनुमति होगी तब ये संचालन जारी रहेगा। मेट्रो रेल सेवाएं, स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों आदि पर बंद अभी जारी रहेंगे। इसके अलावा रात 7 बजे से सुबह के 7 बजे तक सभी अकारण गतिविधियों पर रोक जारी रखने के आदेश दिए गए हैं। केंद्र सरकार ने 17 मई को देश भर में नई शर्तों के साथ लॉकडाउन की अवधि को आगे बढ़ा दिया।
बीते महीने से बेंगलुरु में प्राइमरी कॉन्टैक्ट्स के जरिए फैलने वाले संक्रमण के आंकड़ों में तेजी से इजाफा हुआ है। बृहत् बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) के अनुसार, यहां प्राइमरी कॉन्टैक्ट्स के जरिए वायरस के संक्रमण का मामला 17 अप्रैल के बाद से तेजी से बढ़ा है। इससे महीने भर पहले ट्रैवेल हिस्ट्री वाले लोगों के संक्रमित होने की संख्या सबसे अधिक थी। शनिवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 221 हो गई। इसमें से 141 मामले प्राइमरी कॉन्टैक्ट के जरिए फैले थे। वहीं 35 मामलों में ट्रैवेल हिस्ट्री थी। इसके अलावा 19 मामले सांसों की बीमारी से संबंधित थे।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश भर में 18 मई को सुबह 8 बजे तक कोविड-19 से संक्रमित सक्रिय मामले 56316 हो गए वहीं 36823 लोग इससे स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3029 लोगों की मौत हो चुकी है।
