आंखों ही आंखों में इशारा कर सनसनी बनी प्रिया, बॉलीवुड अभिनेत्रियों को पीछे छोड़ बनाया रिकॉर्ड
प्रिया ने अपने हावभाव से खूब सुर्खियां बटोरी हैं। प्रिया ने एक ऐसा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है जो अभी तक किसी बॉलीवुड अभिनेत्री ने नहीं किया।
नई दिल्ली, (ब्यूरो)। एजेंसी मलयालम अभिनेत्री प्रिया प्रकाश वॉरियर देश में इंटरनेट सनसनी बन गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल मलयालम फिल्म 'उर आदर लव' के गाने 'मानिक्य मलाराया पूवी' में प्रिया ने अपने हावभाव से खूब सुर्खियां बटोरी हैं। प्रिया ने एक ऐसा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है जो अभी तक किसी बॉलीवुड अभिनेत्री ने नहीं किया।
31 लाख से ज्यादा बार देखा गया वैलेंटाइन डे के मौके पर जारी इस फिल्म के छोटे-छोटे टीजर में अभिनेत्री प्रिया प्रकाश वॉरियर और रोशन दिख रहे हैं। इस टीजर को एक दिन में ही इसे 31 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। यह टीजर एक क्लासरूम का है। क्लासरूम में टीचर ब्लैकबोर्ड पर कुछ लिख रही हैं। लेकिन क्लास में प्यार की भावना चरम पर है। प्रिया और रोशन के बीच आंखों ही आंखों में बातें हो रही हैं। इस बीच प्रिया अपनी उंगलियों पर किस करती हैं और उनकी गन बनाकर रोशन की तरफ अपनी अदाओं की गोली चलाती हैं। प्रिया की अदाओं की गोली से रोशन तुरंत घायल हो जाते हैं।
स्कूल टाइम लव को दर्शाती यह फिल्म प्रिया और रोशन दोनों की ही पहली फिल्म है, लेकिन उनके अभिनय को देखकर कहीं भी ऐसा नहीं लगता। आंखों की गुस्ताखियों पर डेढ़ करोड़ लोग फिदा इससे पहले इसी फिल्म का एक गाना 'मनिक्या मलाराया पूवी' वैलेंटाइन वीक में 9 फरवरी को जारी किया गया था। इस गाने को अब तक करीब डेढ़ करो़ड़ बार देखा जा चुका है।
गाने में स्कूल के अंदर एक म्यूजिक फेस्टिवल चल रहा है वैलेंटाइन वीक में गाना रिलीज हुआ तो गाने के अंदर भी वैलेंटाइन की ही थीम नजर आती है। इसमें कई जोड़े एक-दूसरे के प्यार में पड़ते दिखाई देते हैं। इस वीडियो में भी सबसे ज्यादा चर्चा प्रिया प्रकाश वॉरियर और रोशन की ही हो रही है। दोनों के बीच आंखों-आंखों में इशारेबाजी होती है। इस दौरान भी प्रिया ऐसी आंख मारती है कि रोशन का दिल घायल हो जाता है। इन दोनों ही वीडियो में प्रिया के हावभाव की खूब तारीफ हो रही है। लेकिन आप इसे गौर से देखें तो रोशन ने भी जबर्दस्त भाव-भंगिमा दी है।
हैदराबाद में पुलिस केस दर्ज
हैदराबाद के पुराने शहर के कुछ युवाओं की शिकायत पर 'उर आधार लव' के निर्देशक उमर लुलु एवं अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस उपायुक्त वी. सत्यनारायण ने कहा कि फलकनुमा थाने में भादंवि की धारा 295 (किसी समुदाय की धार्मिक भावना पर चोट पहुंचाने के लिए जान बूझकर किया गया घृणित काम) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह मामला अब्दुल मुकीत एवं अन्य की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में कहा गया है हजरत मोहम्मद और उनकी बीबी खातीजा का नाम गीत में इस्तेमाल किया गया है। इस गीत पर तुरंत रोक लगाने की मांग की गई है क्योंकि इससे उनकी धार्मिक भावना आहत होती है। पुलिस इस्लामी विद्वानों व अन्य विशेषज्ञों की राय लेकर आगे कार्रवाई करेगी।