गैंगरेप के आरोपी पर भड़का कैदियों का गुस्सा, धुनाई की
गैंग रेप की घटना से तिहाड़ में सजा काट रहे कैदी भी आहत हैं। बृहस्पतिवार को कैदियों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब उनकी नजर वार्ड में घूम रहे मुकेश पर पड़ गई। कैदियों ने उसकी धुनाई कर दी। धुनाई से मुकेश के चेहरे, हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट आई है।
नई दिल्ली। गैंग रेप की घटना से तिहाड़ में सजा काट रहे कैदी भी आहत हैं। बृहस्पतिवार को कैदियों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब उनकी नजर वार्ड में घूम रहे मुकेश पर पड़ गई। कैदियों ने उसकी धुनाई कर दी। धुनाई से मुकेश के चेहरे, हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट आई है। तिहाड़ जेल संख्या 4 में बंद मुकेश का पिटाई के बाद प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने इसे मामूली चोट करार दिया।
सूत्रों के मुताबिक कैदियों को मुकेश के जेल में आने की भनक लग गई थी। कैदियों को इस बात का भी पता चल गया था कि उसे जेल नंबर 4 में रखा जाएगा। मुकेश के बारे में वार्ड के सभी कैदियों को टीवी और समाचारपत्र के माध्यम से सारी जानकारी पहले ही मिल गई थी। कैदी इस जघन्य अपराध से काफी आहत थे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह मुकेश नित्य क्रियाकलाप से निवृत्त होकर वार्ड में टहल रहा था। तभी वार्ड के कैदियों ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कैदियों ने मुकेश पर ब्लेड से भी हमला किया। उसके चेहरे पर कटे के निशान हैं।
बताया जा रहा है कि युवती के दोस्त के सामने 12 कैदियों को खड़ा करके शिनाख्त परेड कराई गई थी, जिसमें मुकेश की पहचान कर ली गई थी। तिहाड़ जेल प्रशासन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकारी इस बारे में कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर