यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कोरोना के हालात पर प्रधानमंत्री मोदी ने बुलाई अहम बैठक, हो सकता है बड़ा फैसला!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) सोमवार को कोविड-19 संबंधित हालात पर अहम बैठक करेंगे। इससे पहले शनिवार को ...और पढ़ें

नई दिल्ली, एएनआइ। कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर की डरावनी रफ्तार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) सोमवार को कोविड-19 संबंधित हालात पर अहम बैठक करेंगे। इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री ने हालात की समीक्षा के लिए अहम बैठक की। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के हालात और वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा के लिए बुलाई गई इस मीटिंग में तमाम मंत्रालयों के बड़े अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कोविड रोगियों के लिए अस्पताल में बेड की संख्या को बढ़ाने के लिए सभी आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए।
शनिवार को बैठक में प्रधानमंत्री ने कोरोना संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल किए जाने वाले रेमडेसिविर इंजेक्शन और दूसरी जरूरी दवाइयों की उपलब्धता की समीक्षा भी की। प्रधानमंत्री ने पहले से मंजूरी दिए जा चुके ऑक्सीजन प्लांट लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वैक्सीन बनाने में तेजी लाने के लिए देश में उपलब्ध क्षमता का पूरा इस्तेमाल किया जाना चाहिए। बता दें कि देश में अभी कोविड-19 के कारण एक दिन में संक्रमण के रिकॉर्ड 2,73,810 नए मामले सामने आए और देश के कई राज्यों से ऑक्सीजन तथा दवाइयों की कमी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में देशभर से ऑक्सीजन की कमी, रेमडेसिविर इंजेक्शन की किल्लत और अस्पतालों में बेड कम पड़ने की शिकायतें आ रही हैं। इसके लिए केंंद्र सरकार ने रेमडेसिविर और ऑक्सीजन को लेकर कुछ कदम उठाए हैं, साथ ही राज्य प्रशासन भी इस कमी को दूर करने में जुटी हुई है। इस क्रम में देश के अनेकों हिस्सों में वीकेंड कर्फ्यू से लेक र लॉकडाउन तक की सख्ती बरती जा रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को देश में कोविड-19 के एक दिन में रिकॉर्ड 2,73,810 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमण के कुल मामले 1.50 करोड़ के पार पहुंच गया। इसके साथ ही देश में सक्रिय मरीजों की संख्या भी 19 लाख से अधिक हो गई है। देश में कोविड-19 के कुल 1,50,61,919 मामले हैं तथा एक दिन के भीतर 1,619 लोगों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 1,78,769 पर पहुंच गई। संक्रमण के मामलों में लगातार 40वें दिन वृद्धि हुई है।
