शिंदे को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बना सकती है कांग्रेस
राष्ट्रपति पद के लिए कांग्रेस संगमा की काट के लिए सुशील कुमार शिंदे के नाम पर मन बनाने लगी है। कांग्रेस के उच्चपदस्थ सूत्रो का कहना है कि दलित वर्ग के शिंदे संगमा की काट तो बनेगे ही, अपनी विनम्र छवि के कारण दूसरे दलों का समर्थन भी हासिल कर सकते है।
मुंबई [ओमप्रकाश तिवारी]। राष्ट्रपति पद के लिए कांग्रेस संगमा की काट के लिए सुशील कुमार शिंदे के नाम पर मन बनाने लगी है। कांग्रेस के उच्चपदस्थ सूत्रों का कहना है कि दलित वर्ग के शिंदे संगमा की काट तो बनेंगे ही, अपनी विनम्र छवि के कारण दूसरे दलों का समर्थन भी हासिल कर सकते हैं।
कांग्रेस महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय ऊर्जा मंत्री सुशील कुमार शिंदे को भैरोसिंह शेखावत के विरुद्ध उपराष्ट्रपति का चुनाव भी लड़वा चुकी है। इन दिनों राष्ट्रपति पद के लिए चल रहे नामों की दौड़ में हालांकि प्रणब मुखर्जी और पीए संगमा का नाम ही चर्चा में है, लेकिन कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि संगमा की आक्रामकता को देखते हुए कांग्रेस आलाकमान ने सुशील कुमार शिंदे के नाम पर विचार शुरू कर दिया है। पार्टी का मानना है कि संगमा के आदिवासी कार्ड की काट किसी बड़े दलित नेता के नाम से ही संभव है। चूंकि वर्तमान राष्ट्रपति महिला हैं, इसलिए संगमा के विकल्प में कांग्रेस महिला कार्ड नहीं खेल सकती।
कांग्रेस शिंदे को उम्मीदवार बनाकर एक तीर से दो शिकार करना चाहती है। पहला यह कि शिंदे की शरद पवार से पुरानी मित्रता के कारण पवार स्वयं संगमा को मैदान से हटाने में मदद करेंगे। दूसरा यह कि पवार शिंदे के पक्ष में दूसरी पार्टियों का समर्थन भी जुटा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार शिंदे की कांग्रेस के प्रति निष्ठा एवं उनकी वरिष्ठता, दोनों ही उन्हें इस पद का उचित प्रत्याशी सिद्ध कर रही है। कांग्रेस आलाकमान को उम्मीद है कि शिंदे को अगर इस नई जिम्मेदारी के लिए चुना जाता है, तो वह कांग्रेस के अन्य नेताओं की तुलना में आसानी से मान जाएंगे। क्योंकि वे प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा नहीं रखते। साथ ही संप्रग के तमाम घटक दल भी इस निर्विवाद शख्सियत के नाम पर आसानी से अपनी सहमति दे देंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर