Move to Jagran APP

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व केंद्रीय मंत्रियों ने महिलाओं की भूमिका को सराहा, कहा- सशक्तीकरण की दिशा में काम करना सम्मान की बात

International Womens Day राष्ट्रपति कोविन्द ने कहा कि हमारे देश की महिलाएं अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियों के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। आइए आज के दिन हम महिलाओं और पुरुषों के बीच असमानता को पूरी तरह समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लें।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Mon, 08 Mar 2021 10:36 PM (IST)Updated: Tue, 09 Mar 2021 02:29 AM (IST)
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व केंद्रीय मंत्रियों ने महिलाओं की भूमिका को सराहा, कहा- सशक्तीकरण की दिशा में काम करना सम्मान की बात
महिलाएं अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियों के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।

नई दिल्ली, प्रेट्र। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और विभिन्न क्षेत्रों में नारी शक्ति की भूमिका को सराहा।

loksabha election banner

राष्ट्रपति कोविन्द ने कहा- महिलाएं अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियों के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं

राष्ट्रपति कोविन्द ने ट्वीट कर कहा, 'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हमारे देश की महिलाएं अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियों के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। आइए, आज के दिन हम महिलाओं और पुरुषों के बीच असमानता को पूरी तरह समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लें।' कोविन्द ने अपनी पत्नी सविता की तस्वीर भी ट्वीट की जिसमें वह कोविड-19 टीके की पहली खुराक लेती दिख रही हैं।

पीएम मोदी ने कहा- महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में काम करना सम्मान की बात

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं अदम्य नारी शक्ति को सलाम करता हूं। देश की महिलाओं की तमाम उपलब्धियों पर भारत को गर्व है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में काम करना हमारी सरकार के लिए सम्मान की बात है।'

अमित शाह ने कहा- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को नमन करता हूं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, 'मैं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर साहस, शौर्य और समर्पण की प्रतीक नारी शक्ति को नमन करता हूं। महिला सशक्तीकरण सदैव मोदी सरकार की नीतियों का केंद्र रहा है और यह गर्व की बात है कि आज हमारी मातृशक्ति आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।'

राजनाथ ने कहा- आज महिलाएं भारत की रक्षा और सुरक्षा संरचना का अभिन्न अंग बन चुकीं

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'आज महिलाएं भारत की रक्षा और सुरक्षा संरचना का अभिन्न अंग बन चुकी हैं। इस सशक्तीकरण का लक्षित परिणाम महिलाओं के लिए ऐसे वातावरण का निर्माण करना है जहां वे स्वतंत्र, सुरक्षित महसूस कर सकें और अपने पेशे को चुन सकें।'

जेपी नड्डा ने कहा- जहां स्त्रियों की पूजा होती है, वहां देवता वास करते हैं

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संस्कृत का श्लोक ट्वीट कर कहा, 'जहां स्त्रियों की पूजा होती है, वहां देवता वास करते हैं। जहां उनकी पूजा नहीं होती, वहां सब काम निष्फल रहते हैं।'

स्मृति ईरानी ने कहा- नारी के बिना कोई नायक नहीं हो सकता

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने ट्वीट किया, 'नो हीरो विदआउट हर' (नारी के बिना कोई नायक नहीं हो सकता)। कोविड-19 संकट के इस समय में नारी शक्ति की निस्वार्थ और मजबूत भूमिका सामने आई। इस महिला दिवस पर हम कोरोना वायरस के खिलाफ भारत की लड़ाई में योगदान देने वाली 60 लाख से अधिक महिला स्वास्थ्यकíमयों को सलाम करते हैं। नए मोर्चो को फतह करने की इच्छा और बदलाव, विकास एवं समानता के पथप्रदर्शक बने रहने का वादा। सभी महिलाओं और महिला नीत विकास के समर्थकों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं।'

राहुल गांधी ने कहा- महिलाएं इतिहास रचने और भविष्य संवारने में सक्षम

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'महिलाएं पूरे विनीत भाव से इतिहास रचने और भविष्य संवारने में सक्षम हैं। कोई आपको रोकने नहीं पाए।'

प्रियंका गांधी ने कहा- जितनी ज्यादा महिला जनप्रतिनिधि होंगी दुनिया उतनी ही सशक्त बनेगी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया, 'महिलाओं की आवाज को ज्यादा से ज्यादा जगह मिलना महिला सशक्तीकरण की नींव है। जितनी ज्यादा महिला जनप्रतिनिधि, वकील, पायलट, उद्यमी, सैनिक, डॉक्टर, शिक्षक, लेखक, पत्रकार, खिलाड़ी, कलाकार..होंगी, ये दुनिया उतनी ही खूबसूरत और सशक्त बनेगी।'

महिला सांसदों, पत्रकारों से मिले लोकसभा स्पीकर ओम बिरला

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने अपनी तरह की पहली पहल करते हुए सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सांसदों और पत्रकारों से संसद भवन परिसर में मुलाकात की। बिरला ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और समाज में उनके योगदान को सराहा। इस कार्यक्रम में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी उपस्थित थीं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.