यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्रवीण नेट्टारू हत्याकांड मामले में NIA ने शुरू की जांच, मंगलुरु में 24 ठिकानों पर की छापेमारी
राष्ट्रीय जांचए एजेंसी ने यह कदम दक्षिण कन्नड़ पुलिस द्वारा एक सीए को गिरफ्तार करने के लगभग एक महीने बाद ...और पढ़ें

नई दिल्ली, एजेंसी। कर्नाटक में भाजपा युवा मोर्चा के हत्या के मामले में जांच तेज हो गई है। प्रवीण नेट्टारू हत्याकांड मामले (Praveen Nettaru Murder Case) में मंगलवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलुरु में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। एनआईए की यह छापेमारी अभी भी जारी है। एनआईए की कई टीमें 32 वर्षीय भाजपा युवा मोर्चा के नेता प्रवीण नेट्टारू की हत्या की जांच में लगी हुई हैं। वहीं, आज मंगलुरु में एनआईए की टीमें दक्षिण कन्नड़ जिले के पुत्तूर और सुलिया में संदिग्धों के परिसरों की तलाशी ले रही हैं।
राष्ट्रीय जांचए एजेंसी ने यह कदम दक्षिण कन्नड़ पुलिस द्वारा एक सीए को गिरफ्तार करने के लगभग एक महीने बाद उठाया है। जट्टीपल्ला हाउस सुलिया के अब्दुल कबीर पर अगस्त में नेट्टारू की हत्या की योजना बनाने का आरोप लगा था।
चिकन की दुकान के बाहर नेट्टारू की हुई थी हत्या
26 जुलाई को एक वाहन में तीन लोग आए और मंगलुरु के बेल्लारे में पुत्तूर-सुलिया रोड पर नेट्टारू की चिकन की दुकान के बाहर उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस इस मामले में कई लोगों को कर चुकी गिरफ्तार
पुलिस ने 28 जुलाई को सावनूर के 29 वर्षीय जाकिर और बेल्लारे के 27 वर्षीय शफीक को गिरफ्तार किया था। इस मामले में 2 अगस्त को पुलिस ने 32 वर्षीय सद्दाम और 42 वर्षीय हारिस को गिरफ्तार किया था। ये दोनों ही बेल्लारे के पल्लीमाजालु के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि ये चारों ही हमलावरों के संपर्क में थे।
7 अगस्त को पुलिस ने सुलिया के 22 वर्षीय आबिद और बेल्लारे के 28 वर्षीय नौफाल को गिरफ्तार किया था। इन्हें योजना और रेकी टीम का हिस्सा बताया जा रहा था।
वहीं, इस मामले में राज्य सरकार के अनुरोध के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 3 अगस्त को मामले को एनआईए को स्थानांतरित करने का आदेश दिया था।
