विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने 'प्रगति-50' पहल की शुरुआत की, 50 शहर बनेंगे स्वच्छता के मॉडल

Published: Tue, 29 Sep 2026 06:29 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने 'प्रगति-50' पहल शुरू की, जिसके तहत 'स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0' के तहत 24 राज्यों के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने 'प्रगति-50' पहल का शुभारंभ किया।

  2. 24 राज्यों के 50 शहरों को शहरी स्वच्छता में मॉडल सिटी बनाया जाएगा।

  3. तकनीक, नवाचार और नागरिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया।

डिजिटल टीम, नई दिल्ली। देश में शहरी स्वच्छता को एक नए स्तर पर ले जाने और 'विकसित भारत 2047' के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को 'प्रगति-50' (PRAGATI-50) पहल का शुभारंभ किया। 'स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0' (SBM-U 2.0) के तहत शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य 24 राज्यों के 50 चुनिंदा शहरों को शहरी स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन में 'मॉडल सिटी' (Model Cities) के रूप में विकसित करना है। 

नियमित सफाई से आगे बढ़कर दृश्यमान स्वच्छता पर फोकस

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि चुनिंदा 50 शहरों में नियमित सफाई से आगे बढ़कर वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, प्रयुक्त जल प्रबंधन और स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इन 50 शहरों में देश के प्रमुख आर्थिक केंद्र, सांस्कृतिक व धार्मिक महत्व वाले शहर और बड़े पर्यटन स्थल शामिल हैं। योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम विकसित किया गया है और वह स्वयं हर दो महीने में इसकी प्रगति की समीक्षा करेंगे।

समारोह में उपस्थित आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि यह पहल शहरों को एक निर्धारित समय सीमा के भीतर 'कचरा मुक्त शहर' बनाने में सहायक सिद्ध होगी। 

स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए कई अन्य बड़े नवाचार

इस अवसर पर मंत्रालय द्वारा स्वच्छता क्षेत्र में तकनीक, नवाचार और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें शुरू की गईं। दुर्गापुर स्थित सीएसआईआर-सीएमईआरआई के सहयोग से 'स्वच्छ भारत टेस्ट बेड एंड इनोवेशन सेंटर' की शुरुआत की गई। यह सेंटर स्वच्छता प्रौद्योगिकियों के अनुसंधान, परीक्षण, सत्यापन और उत्पाद विकास पर काम करेगा।
 
आईआईटी कानपुर के सहयोग से 13 नए स्टार्ट-अप्स को इस मिशन से जोड़ा गया है। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े कुल स्टार्ट-अप्स की संख्या बढ़कर 75 हो गई है। नागरिकों द्वारा स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए एक समर्पित व्हाट्सएप चैनल शुरू किया गया है। इसके साथ ही, जन-जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन के लिए 'स्वच्छता व्यवहार परिवर्तन डिजिटल कोष' का भी शुभारंभ किया गया।
 
नई दिल्ली स्थित संकल्प भवन में 'रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल' (RRR) सेंटर का उद्घाटन किया गया। यह किसी केंद्रीय मंत्रालय परिसर में स्थापित पहला ऐसा केंद्र है, जो संसाधनों के पुनर्चक्रण और टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देगा।
 
इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम में निर्माण एवं विध्वंस कचरे के संग्रहण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तथा ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 के तहत कचरे के स्रोत पर ही पृथक्करण से जुड़ी गाइडलाइंस भी जारी की गईं।