...अब राजस्थान में लगे प्रियंका गांधी के होर्डिंग, 'तुझ में इंदिरा दिखती हैं'
कांग्रेस में प्रियंका गांधी को राजनीति में लाने की मांग अब उत्तर प्रदेश के बाद दिल्ली के बाहर भी उठने लगी है।
जयपुर। उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब राजस्थान में भी पोस्टर वार शुरू हो गया है। इस बार प्रियंका गांधी की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से तुलना करते हुए पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में प्रियंका और इंदिरा गांधी की तस्वीर लगाकर लिखा गया है कि 'तुझमें इंदिरा दिखती हैं'। यह पोस्टर ऐसे समय लगाया गया है, जब राहुल गांधी को कांग्रेस की कमान सौंपने की चर्चा जोरों पर है।
बाद में मामले ने तूल पकड़ा तो पोस्टरों को हटा दिया गया। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने सोमवार को सुबह राजस्थान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (पीसीसी) के गेट पर प्रियंका के पोस्टर लगाए। प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन निजाम की फोटो वाले इन पोस्टरों में न तो कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की फोटो है और न ही राहुल गांधी की। ये पोस्टर तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो गए।
पढ़ें- कांग्रेस प्रियंका को कमान देती है तो भाजपा को करनी पड़ेगी मशक्कतः रामदेव
इससे प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों में खलबली मच गई। इसके बाद लोगों के पीसीसी में फोन आना भी शुरू हो गए। कुछ देर बाद इन पोस्टरों को हटवाया गया। मुख्यालय महासचिव गिरिराज गर्ग ने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी।
(साभार- नई दुनिया)