कोरोना से डरो न: देशभर से अच्छी खबरें मिलनी शुरू, देखें किस शहर में कितने मरीज हुए ठीक?
Coronavirus देश में लागू 21 दिन के लॉकडाउन की समयसीमा का बढ़ना तय माना जा रहा है। वहीं इन सबके बीच देश से राहतभरी खबरें भी मिलनी शुरू हो गई हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। Coronavirus Update कोरोना वायरस से घबराने की नहीं, सामना करने की जरूरत है। घर में रहकर इससे बचा सकता है। संक्रमित केसों को देखते हुए देश में लागू 21 दिन के लॉकडाउन की समय सीमा का बढ़ना तय माना जा रहा है। इन सबके बीच देश से राहतभरी खबरें भी मिलनी शुरू हो गई हैं। अब तक 857 कोरोना वायरस से पीड़ित अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं। एक दिन में 141 लोग ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि देश के विभिन्न जिलों में परिणाम दिखाई दे रहे हैं। राहत की बात यह है कि 15 राज्यों के कुल 25 जिलों में कोरोना वायरस के पॉजिटिव केस आए थे, वहां पिछले 14 दिनों में कोई नए मामले सामने नहीं आए हैं। राजस्थान के भीलवाड़ा के बाद हिमाचल प्रदेश का कांगड़ा जिला हॉटस्पॉट से बाहर आ गया है। जिले में तीनों मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब जिले में कोई कोरोना मरीज नहीं है।
हिमाचल में अभी तक 1113 सैंपल की जांच की गई है, जिनमें से 1081 नेगेटिव हैं। प्रदेश में अब तक कोरोना पॉजिटिव पाए 12 लोग स्वस्थ हुए हैं। नौ को अस्पताल से छुट्टी दे दी है, तीन को जल्द मिल जाएगी। प्रदेश के चार जिलों चंबा, कांगड़ा, ऊना और सोलन के तीन-तीन मरीज हैं जो स्वस्थ हुए हैं। अकेले हिमाचल ही नहीं, देशभर से ऐसी राहतभरी खबरें मिलनी शुरू हो गई हैं।
एक नजर में जानें, किस शहर में कितने मरीज हो चुके हैं ठीक::
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार भारत में कोरोना वायरस के अब तक 9,152 मामले सामने आ गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अब तक कोरोना के 857 लोगों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। एक दिन में 141 कोरोना मरीजों को ठीक किया गया है।
उत्तरप्रदेश के स्वास्थ्य सचिव प्रमुख अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के कुल 550 पॉजिटिव मामलों में से 47 लोगों को पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से डिस्चार्ज कर दिया गया है। ठीक होने वालों में 13 सर्वाधिक नोएडा से हैं, आगरा में 10, मेरठ में 9, लखनऊ में पांच, अलीगढ़ और गाजियाबाद में तीन और कानपुर में एक संक्रमित शामिल है। ठीक होने वालों में सिंगर कनिका कपूर भी शामिल हैं। दिल्ली में 1157 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 27 लोग ठीक हुए हैं। पंजाब में ठीक हुए 10 लोगों में सात चंडीगढ़ और तीन अमृतसर के हैं। हरियाणा में गुरुग्राम में 17 लोग ठीक हो चुके हैं, इसके अलावा फरीदाबाद में छह और पानीपत में चार लोगों ने कोरोना को मात दे दी। जम्मू और कश्मीर में भी 3-3 लोग ठीक हो चुके हैं।
कर्नाटक में कोरोना वायरस (covid-19) में मरीजों की संख्या बढ़कर 247 हो गई है। अब तक 59 लोग ठीक हो गए हैं। उत्तराखंड में चार मरीजों की ठीक होने की खबर आ चुकी है। गुजरात में अब तक सामने आए 538 मामलों में से 47 लोग ठीक हो गए हैं। राजस्थान में 815 मरीजों में से 21 ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र में 1,761 सामने आए हैं। इनमें से 208 लोग ठीक हो गए हैं। महाराष्ट्र में 217 लोग ठीक हो चुके हैं। पश्चिम बंगाल में 152 मरीज है, 29 लोग ठीक हो चुके हैं। बिहार में 64 संक्रमित मामले हैं, जबकि 19 ठीक हो चुके हैं। तामिलनाडू में 50 लोग ठीक हो चुके हैं। तेलंगाना में 43 मरीज ठीक हो चुके हैं। आंध्रप्रदेश में 11 लोग ठीक हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें -
जब कोरोना की दवा नहीं तो कैसे ठीक हो रहे हैं मरीज? हर सवाल का जवाब देगी ये खबर