मुंबई के खार इलाके में दो मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिरा, पुलिस ने ब्लॉक किया एसवी रोड
मुंबई के खार इलाके में दो मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढह जाने से एसवी रोड बंद कर दिया गया। सोमवार तड़के हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस ने घटनास्थल पर बेरिकेड लगा दिए।
मुंबई, जागरण संवाददाता! मुंबई के खार इलाके में दो मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढह जाने से एसवी रोड बंद कर दिया गया। सोमवार तड़के हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस ने घटनास्थल पर बेरिकेड लगा दिए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिस इमारत की दवारें गिरीं, वो कमर्शियल थी, जो खाली थी। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
H West ward के आधिकारिक बयान में बताया गया कि इमारत की हालत खस्ता नहीं थी। सोमवार तड़के लगभग 4. 30 बजे एक हिस्सा ग्राउंड फ्लोर में स्थित लोको पोको नामक रेस्तरां में गिरा तो उस समय इमारत में कोई नहीं था और किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी। वहीं, "दूसरी मंजिल की तीन दीवारें टूटकर सड़क पर गिर गईं।" वार्ड के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि इमारत में ऊपरी मंजिल पर कुछ गलत निर्माण हो सकता है, जो ढहने का कारण हो सकता है। मेट्रो के काम के चलते सड़क का हिस्सा पहले ही बंद हो गया था और मलबे के कारण सड़क के बाकी हिस्सों को भी अवरुद्ध कर दिया गया था। मुंबई पुलिस ने ट्वीट पर यह जानकारी दी कि ढहने के कारण टर्नर रोड जंक्शन से शुरू होने वाली एसवी रोड का एक हिस्सा बैरिकेड किया गया था। यातायात को लिंकिंग रोड की ओर मोड़ दिया गया था जिसमें सांताक्रूज की ओर चलने वाली कई बसें शामिल थीं।