तमिलनाडु में फर्जी पासपोर्ट रैकेट का पर्दाफाश, 11 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने एक 38 वर्षीय महिला सहित दो श्रीलंकाई नागरिकों को भी रैकेट में शामिल होने के संदेह में गिरफ्तार किया है।
चेन्नई, प्रेट्र। तमिलनाडु में पुलिस ने फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह लोग श्रीलंकाई नागरिकों को भारतीय नागरिक बताकर उन्हें चेन्नई से विदेश भेजने का काम करते थे। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने एक ट्रैवल एजेंट सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर श्रीलंकाई नागरिकों से 10 लाख रुपये लेकर फर्जी पासपोर्ट तैयार करने का आरोप है। पुलिस ने एक 38 वर्षीय महिला सहित दो श्रीलंकाई नागरिकों को भी रैकेट में शामिल होने के संदेह में गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि एक श्रीलंकाई महिला कुछ समय पहले टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी, लेकिन वीजा अवधि खत्म होने के बाद वापस नहीं गई। आरोप है कि उसने विदेश जाने के लिए फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले ट्रैवल एजेंट से संपर्क किया। उसके दूसरे श्रीलंकाई साथी, जिसके पास वैध पासपोर्ट था, उसने उसके लिए फर्जी आधार कार्ड का इंतजाम किया। दोनों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। बाद में इन्हें कोर्ट के सामने पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मौके से 77 भारतीय पासपोर्ट, 12 श्रीलंकाई पासपोर्ट सहित उस मशीन को भी बरामद किया जिसका फर्जी पासपोर्ट बनाने में प्रयोग किया जाता था।
ऐसे काम करता था रैकेट
पुलिस ने बताया कि ट्रैवल एजेंट श्रीलंकाई नागरिकों के फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनाने के लिए उन्हीं सूचनाओं का प्रयोग करता था, जो उसे कोलंबो में बैठा उसका साथी देता था। इसके बाद यह आदमी अपने गैंग की मदद से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के अवैध हो चुके पासपोर्ट को एकत्र करता था और पैसे लेकर इन्हें श्रीलंकाई नागरिकों को असली पासपोर्ट की तरह बेच देता था।