पीएम मोदी ने की कैप्टन स्मित मछार के परिवार से बात, कहा- हर संभव मदद करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई फ्लाइट को क्रैश होने से बचाने वाले कैप्टन स्मित मछार की पत्नी और माता-पिता से बात की।

पीएम मोदी ने स्मित मछार की पत्नी और माता-पिता से की बात
HighLights
पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित मछार के परिवार से बात की।
कैप्टन स्मित ने फ्लाईदुबई फ्लाइट को क्रैश होने से बचाया।
पीएम ने भारतीय मिशनों से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई फ्लाइट के रियल हीरो कैप्टन स्मित मछार की पत्नी और माता-पिता से बात की है। पीएम ने कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ की।
समाचार एजेंसी एएनआइ को भारत सरकार के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारतीय मिशन हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं।
बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट में बड़ा हादसा होने से टल गया। इस फ्लाइट को भारतीय कैप्टन स्मित मछार और ओमान का पायलट उड़ा रहे थे।
फ्लाइट के टेक-ऑफ के बाद ओमान के पायलट ने प्लेन को क्रैश कराने की कोशिश की। कैप्टन मछार ने जब उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश की तो उस ओमान के पायलट ने भारतीय पायलट पर चाकू से हमला कर दिया।
कैप्टन मछार इस हमले में घायल हो गए, लेकिन उन्होंने प्लेन को क्रैश नहीं होने दिया और 27 बच्चों समेत 174 यात्रियों की जान बचाई। कैप्टन मछार की इसी बहादुरी की तारीफ भारत के प्रधानमंत्री मोदी से लेकर इजरायल के पीएम नेतन्याहू भी कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने स्मित मछार की बहादुरी की तारीफ
कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को लेकर पीएम मोदी ने आज गुरुवार सुबह भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था। कैप्टन मछार ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट को क्रैश होने से बचाया था। इस फ्लाइट में 174 यात्री सवार थे।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'कैप्टन स्मित मछार एक हीरो हैं। बेहद खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया।'
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, 'उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। भारत को कैप्टन मछार पर गर्व है। हम उनके जल्द ठीक होने, नई ताकत पाने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।'
-1790831961113.webp)
नेतन्याहू ने कैप्टन मछार को किया सैल्यूट
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की असाधारण बहादुरी को सलाम किया।
पीएम नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा, 'चाकू लगने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने मुकाबला किया, हिम्मत नहीं हारी, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों व क्रू को हमलावर पर काबू पाने में मदद की, जिससे हवा में होने वाली एक बड़ी दुर्घटना टल गई।'
इजरायल के प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, 'कैप्टन मछार ने 174 लोगों की जान बचाई, जिनमें इजरायली नागरिक और अन्य देशों के लोग भी शामिल थे। मैं कैप्टन मछार के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करता हूं।'
यह भी पढ़ें- 30 सेकंड में खत्म हो जाती 174 जिंदगियां... भारतीय पायलट स्मित मछार ने कैसे क्रैश होने से रोका प्लेन; Inside Story
