'भारत विकास के रास्ते पर दौड़ रहा है', SEMICON India में बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन किया, जिसका लक्ष्य भारत में सेमीकंडक्टर क्षेत्र में सहयोग, निवेश और नवाचार बढ़ाना है।
HighLights
पीएम मोदी ने यशोभूमि, नई दिल्ली में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन किया।
भारत की 7.8% जीडीपी वृद्धि और आर्थिक प्रगति पर प्रकाश डाला।
मोहाली, सूरत में सेमीकंडक्टर प्लांट में उत्पादन शुरू होने की घोषणा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुरुवार (17 सितंबर, 2026) को नई दिल्ली के यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन किया। तीन दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन का मकसद भारत में सहयोग, निवेश, इनोवेशन और टैलेंट डेवलपमेंट को बढ़ावा देना है। इस इवेंट में 600 से ज्यादा एग्जिबिटर, 300 इंटरनेशनल कंपनियां और 50 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधिमंडल शामिल हुए हैं।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, "आज विश्वकर्मा जयंती भी है, मैं सभी देशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। हमारी परंपरा में भगवान विश्वकर्मा को निर्माण और सृजन की शक्ति का प्रतीक माना गया है और संयोग देखिए, आज से ही SEMICON India की शुरुआत हो रही है। एक तरफ हमारी सदियों पुरानी निर्माण की परंपरा और दूसरी तरफ 21वीं सदी की टेक्नोलॉजी और विजन... यही आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की प्रेरणा भी है।"
पीएम मोदी ने की भारत के विकास पर बात
प्रधानमंत्री ने कहा, "अगर आप पिछले 15 दिनों पर नजर डालें तो देखेंगे कि भारत कितनी तेजी से और किस दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस सितंबर में मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट आयोजित किया गया। इसमें एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन और क्वांटम टेक्नोलॉजी के जरिए समावेशी वित्त पर चर्चा हुई।"
उन्होंने आगे कहा, "इसी दौरान पूरे भारत में लगभग 3,000 किलोमीटर के डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पूरी तरह से चालू हो गए। इससे माल की ढुलाई तेज होगी, लॉजिस्टिक्स बेहतर होगा और हमारा मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर मजबूत होगा। इसी महीने भारत की तिमाही जीडीपी के आंकड़े भी जारी किए गए। मुश्किल वैश्विक माहौल के बावजूद भारत ने 7.8% की विकास दर दर्ज की। साथ ही जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की सॉवरेन रेटिंग को अपग्रेड किया। यह अपग्रेड 35 साल बाद मिला है।"
'इकोनॉमी भी बढ़ रही और भरोसा भी'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "एक तरफ भारत की इकोनॉमी बढ़ रही है, दूसरी तरफ भारत पर दुनिया का भरोसा भी बढ़ता जा रहा है। विकसित भारत बनाने के लिए हर देशवासी एक कमिटमेंट के साथ जुटा है। अगर हम बीते 15 दिनों को ही देखें तो अंदाजा लगता है, भारत किस दिशा में किस तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी चिप्स अब भारत के प्लांट से देश और दुनिया भर के ग्राहकों तक पहुंच रही हैं।"
उन्होंने कहा, "हाल ही में मोहाली और सूरत में दो सेमीकंडक्टर प्लांट में कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हुआ है। किसी भी देश के लिए इस स्तर तक पहुंचना आसान नहीं है। सेमीकंडक्टर सेक्टर दूसरे उद्योगों से बहुत अलग है, जहां फैक्ट्री बनने के तुरंत बाद प्रोडक्शन शुरू हो सकता है। यहां तकनीकी क्षमताएं और विशेषज्ञता विकसित करने में दशकों लग जाते हैं।"
पीएम मोदी ने कहा, "हमारा प्रयास है कि भारत में फैबलैस कंपनियों की ग्रोथ और intellectual properties का क्रिएशन भी भारत में हो। अलग-अलग टाइप के कंपाउंड सेमीकंडक्टर बनाना हो, सिलिकॉन फोटोनिक्स को सिस्टम का हिस्सा बनाना हो, एआई इनेबलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ये सब जरूरी है और इस दिशा में हमें मिलकर आगे बढ़ना होगा। इसके लिए जो फाउंडेशन चाहिए, वह तैयारी हो चुकी है।"
उन्होंने कहा कि सरकार एक लाख इंजीनियरिंग छात्रों को सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के लिए ट्रेन करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसमें से 70 हजार नौजवानों को ट्रेन दी भी जा चुकी है।
यह भी पढ़ें: 25 साल के 25 पड़ाव... गुजरात के मुख्यमंत्री से सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री तक का सफर
