पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव को उनकी 97वीं जयंती पर किया याद
कांग्रेस नेता नरसिंह राव 1991 से 1996 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। वह देश के नौवें प्रधानमंत्री थे। तब उनके वित्त मंत्री मनमोहन सिंह थे, जो बाद में देश के प्रधानमंत्री बने।
नई दिल्ली, एएनआइ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव को उनकी 97वीं जयंती के अवसर पर याद किया। नरसिम्हा राव (1991-1996) देश के नौवें प्रधानमंत्री थे। वह जब प्रधानमंत्री बने तो देश आर्थिक संकट से जूझ रहा था, लेकिन आर्थिक उदारीकरण और वैश्वीकरण की नीतियों के दम पर उन्होंने देश को तरक्की की नई राह दी। पीएम मोदी ने नरसिम्हा राव को याद करते हुए कहा उनके कुशल नेतृत्व की सराहना की।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'हमारे पूर्व प्रधानमंत्री श्री पी.वी. नरसिम्हा राव को उनकी जयंती पर नमन। श्री राव को राजनेता के रूप में व्यापक रूप से सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने भारत के इतिहास की महत्वपूर्ण अवधि के दौरान मूल्यवान नेतृत्व प्रदान किया। अत्यधिक ज्ञान से धन्य, उन्होंने एक विशिष्ट विद्वान के रूप में भी एक पहचान बनाई।'
नरसिम्हा राव के वित्त मंत्री थे मनमोहन सिंह
कांग्रेस नेता नरसिंह राव 1991 से 1996 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। वह देश के नौवें प्रधानमंत्री थे। तब उनके वित्त मंत्री मनमोहन सिंह थे, जो बाद में देश के प्रधानमंत्री बने। उसी दौर में अर्थव्यवस्था के लिहाज से आजादी के बाद सबसे क्रांतिकारी कदम के रूप में 1991 में देश ने आर्थिक उदारीकरण और वैश्वीकरण की नीतियों को अपनाया। इससे देश की तरक्की को नई राह मिली। इन आर्थिक सुधारों से देश का भाग्य ही बदल गया। बता दें कि तब नरसिंह राव प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल पूरा करने वाले कांग्रेस की तरफ से नेहरू-गांधी परिवार के इतर पहले राजनेता थे।